Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को दो-तिहाई से ज्यादा सीट मिली हैं। चुनाव के नतीजे शुक्रवार को घोषित किए गए। एनडीए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 243 सदस्यीय राज्य विधानसभा में 202 सीटें जीतीं।
बीजेपी, जेडीयू और एलजेपी समेत पांच दलों का एनडीए गठबंधन 80 प्रतिशत से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से विजयी रहा। जीत के बाद दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने इस अभूतपूर्व जीत का श्रेय विकास समर्थक एजेंडे को दिया।
बीजेपी राज्य विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। उसने 89 सीटें जीती हैं। जेडीयू ने 85 सीट जीती हैं। चिराग पासवान की अगुवाई वाली लोक जन शक्ति पार्टी - रामविलास गुट ने 29 सीट पर चुनाव लड़ा था। इनमें पार्टी को 19 पर जीत मिली है।
आरजेडी, कांग्रेस और वामपंथी दलों वाले महागठबंधन को चुनावों में करारी हार का सामना करना पड़ा है। गठबंधन के सभी दल मिलकर सिर्फ 35 सीटें ही जीत सके। कांग्रेस के खाते में सिर्फ छह सीटें आईं।
महागठबंधन में कांग्रेस के सहयोगी वाम दलों ने हार के लिए एसआईआर और चुनाव से पहले नीतीश सरकार की घोषित महिला-केंद्रित योजनाओं को जिम्मेदार ठहराया। एनडीए ने नीतीश कुमार की अगुवाई में चुनाव लड़ा था। सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या वे दसवीं बार राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे?