Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

योगी सरकार में मेडिकल शिक्षा ने पकड़ी रफ्तार, यूपी में 36 से बढ़कर 85 हुए मेडिकल कॉलेज

उत्तर प्रदेश में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में बड़ा विस्तार हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ने के साथ ही एमबीबीएस की सीटों में भी बड़ा इजाफा हुआ है। वर्ष 2017 में जहां यूपी में 36 मेडिकल कॉलेज और 4,690 एमबीबीएस सीटें थीं, वहीं 20 अगस्त 2026 तक मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 85 और एमबीबीएस सीटें 13,600 हो गई हैं।

यानी आठ वर्षों में प्रदेश में 49 नए मेडिकल कॉलेज जुड़े और एमबीबीएस की 8,910 सीटें बढ़ीं। इससे डॉक्टर बनने का सपना देख रहे यूपी के युवाओं के लिए मेडिकल शिक्षा के अवसर पहले के मुकाबले काफी बढ़े हैं। वर्ष 2012 में प्रदेश में एमबीबीएस की कुल 2,740 सीटें थीं। अब यह संख्या 13,600 तक पहुंच गई है। इस बढ़ी हुई क्षमता से आने वाले वर्षों में बड़ी संख्या में नए डॉक्टर तैयार होने का रास्ता मजबूत हुआ है।

मेडिकल शिक्षा के विस्तार में सरकारी मेडिकल कॉलेजों की भूमिका भी अहम रही है। वर्ष 2017 में प्रदेश में 15 राजकीय मेडिकल कॉलेज थे, जो 20 अगस्त 2026 तक बढ़कर 45 हो गए। इसी तरह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की सीटें भी 1,990 से बढ़कर 5,350 हो गई हैं। यानी राजकीय क्षेत्र में 3,360 एमबीबीएस सीटों का इजाफा हुआ है। इससे सरकारी संस्थानों में मेडिकल की पढ़ाई करने के इच्छुक छात्रों के लिए अवसर बढ़े हैं।

मेडिकल शिक्षा के विस्तार में निजी क्षेत्र ने भी योगदान दिया है। वर्ष 2017 में यूपी में 21 निजी मेडिकल कॉलेज थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 40 हो गई है। निजी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस सीटों की संख्या भी 2,700 से बढ़कर 8,250 हो गई है। यानी निजी क्षेत्र में 2017 के मुकाबले 5,550 अतिरिक्त एमबीबीएस सीटें बढ़ी हैं। सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेजों और सीटों की बढ़ती संख्या से प्रदेश में मेडिकल शिक्षा का दायरा लगातार बढ़ा है।

डीजी मेडिकल एजुकेशन नेहा शर्मा के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है। मेडिकल कॉलेजों, अस्पतालों, नर्सिंग कॉलेजों और छात्रावासों जैसी सुविधाओं के विकास से प्रदेश में प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों और डॉक्टरों को तैयार करने की क्षमता बढ़ रही है। राजकीय मेडिकल कॉलेजों के विस्तार से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में मेडिकल शिक्षा की पहुंच भी मजबूत हुई है।

मेडिकल कॉलेजों और एमबीबीएस सीटों में हुआ यह विस्तार यूपी में चिकित्सा शिक्षा को दी जा रही प्राथमिकता को दिखाता है। 2017 के मुकाबले प्रदेश में 49 मेडिकल कॉलेज और 8,910 एमबीबीएस सीटें बढ़ी हैं। इस बढ़ी हुई क्षमता से आने वाले वर्षों में बड़ी संख्या में डॉक्टर तैयार होंगे, जो उत्तर प्रदेश समेत देश की स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देंगे।

आंकड़ों में मेडिकल शिक्षा का विस्तार

श्रेणी

वर्ष 2017

20 अगस्त 2026

कुल मेडिकल कॉलेज

36

85

राजकीय मेडिकल कॉलेज

15

45

निजी मेडिकल कॉलेज

21

40

कुल एमबीबीएस सीटें

4,690

13,600

राजकीय क्षेत्र की सीटें

1,990

5,350

निजी क्षेत्र की सीटें

2,700

8,250

NEET UG की दूसरी काउंसलिंग 14 सितंबर से

मेडिकल शिक्षा के बढ़ते अवसरों के बीच उत्तर प्रदेश में NEET UG-2026 की दूसरी चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग 14 सितंबर से शुरू होगी। चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय, उत्तर प्रदेश के कार्यक्रम के अनुसार काउंसलिंग प्रक्रिया 25 सितंबर तक चलेगी। राजकीय और निजी मेडिकल/डेंटल कॉलेजों तथा चिकित्सा विश्वविद्यालयों में राज्य कोटे की सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 14 सितंबर शाम 5 बजे से 17 सितंबर सुबह 11 बजे तक होगा। इसके बाद 17 सितंबर को मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। च्वाइस फिलिंग 17 सितंबर शाम 5 बजे से 19 सितंबर शाम 5 बजे तक होगी। वहीं सीट आवंटन का परिणाम 21 सितंबर को घोषित किया जाएगा।