West Bengal: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोशल मीडिया पोस्ट में रामकृष्ण परमहंस की जयंती पर उनके नाम के आगे 'स्वामी' शब्द का इस्तेमाल करने के लिए आलोचना की और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने राज्य की महान हस्तियों के प्रति सांस्कृतिक असंवेदनशीलता प्रदर्शित की है।
बनर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने संदेश में 'स्वामी' शब्द का प्रयोग किया, जबकि रामकृष्ण परमहंस को व्यापक रूप से 'ठाकुर' के नाम से जाना जाता है। बनर्जी ने एक्स पर पोस्ट किया "एक बार फिर स्तब्ध! हमारे प्रधानमंत्री ने एक बार फिर बंगाल की महान हस्तियों के प्रति अपनी सांस्कृतिक असंवेदनशीलता का आक्रामक प्रदर्शन किया है। आज युगावतार (हमारे युग में ईश्वर का अवतार) श्री श्री रामकृष्ण परमहंसदेव की जन्मतिथि है।
"इस अवसर पर महान संत को श्रद्धांजलि अर्पित करने के प्रयास में, हमारे प्रधानमंत्री ने महान संत के नाम के आगे एक अभूतपूर्व और अनुचित उपसर्ग 'स्वामी' जोड़ दिया!"। मोदी ने गुरुवार को श्री रामकृष्ण परमहंस की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनके महान विचार सदा प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। रामकृष्ण परमहंस का जन्म 1836 में हुआ था।
मोदी ने हिंदी में एक पोस्ट में कहा "स्वामी रामकृष्ण परमहंस की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। जिस प्रकार उन्होंने आध्यात्मिकता और ध्यान को जीवन की एक महत्वपूर्ण शक्ति के रूप में स्थापित किया, उससे मानवता को हर युग में लाभ मिलता रहेगा। उनके महान विचार और संदेश सदा प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।"
कोलकाता के दक्षिणेश्वर काली मंदिर में पुजारी के रूप में सेवा करने वाले श्री रामकृष्ण परमहंस धर्मों के सामंजस्य पर अपने उपदेशों के लिए जाने जाते हैं। बनर्जी ने कहा, “जैसा कि सर्वविदित है, श्री रामकृष्ण को ठाकुर (शाब्दिक अर्थ, भगवान) के रूप में व्यापक रूप से पूजा जाता था। उनके तपस्वी शिष्यों ने अपने गुरु के निधन के बाद रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन की स्थापना की और उन भिक्षुओं को भारतीय परंपराओं के अनुसार “स्वामी” कहा जाने लगा, लेकिन गुरु, आचार्य, स्वयं ठाकुर के नाम से ही जाने जाते रहे।”
उन्होंने कहा कि “स्वामी” उपाधि “रामकृष्ण संप्रदाय में उनके शिष्यों के लिए थी; लेकिन संप्रदाय की पवित्र त्रिमूर्ति ठाकुर-मां-स्वामीजी बनी रही। ठाकुर श्री श्री रामकृष्ण परमहंसदेव हैं, मां मां शारदा हैं और स्वामीजी स्वामी विवेकानंद हैं।” बनर्जी ने प्रधानमंत्री से “कृपापूर्वक आधुनिक भारत को आकार देने वाले बंगाल के महान पुनर्जागरण व्यक्तित्वों के लिए नए उपसर्ग और प्रत्यय न गढ़ने” का आग्रह किया।
उन्होंने इससे पहले पिछले साल दिसंबर में लोकसभा में राष्ट्रगान वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर हुई चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय को "बंकिम दा" कहकर संबोधित करने की आलोचना की थी।
टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने 'दा' प्रत्यय के प्रयोग पर आपत्ति जताई थी और प्रधानमंत्री से इसके स्थान पर 'बंकिम बाबू' कहने का आग्रह किया था। मोदी ने तुरंत उनकी बात मान ली और कहा, "मैं बंकिम बाबू ही कहूंगा। धन्यवाद, मैं आपकी भावनाओं का सम्मान करता हूं।"