ओडिशा की राजनीति में सोमवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया, जब राज्यसभा सांसद देवाशीष सामंतराय ने बीजू जनता दल (BJD) की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने बीजेडी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को संबोधित पत्र में अपने इस्तीफे की जानकारी दी।अपने इस्तीफे पत्र में देवाशीष सामंतराय ने राज्यसभा के लिए नामित किए जाने और जनता की सेवा का अवसर देने पर नवीन पटनायक का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने लिखा, “मैं आज, 25 मई को बीजेडी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं। मुझे राज्यसभा भेजने के लिए मैं आपका सदैव आभारी रहूंगा। आपने मुझे अविभाजित कटक जिले के लोगों की सेवा करने और राष्ट्रीय स्तर पर ओडिशा के मुद्दे उठाने का अवसर दिया, इसके लिए मैं आपका हृदय से धन्यवाद करता हूं।”
सामंतराय ने आगे लिखा कि उन्होंने हमेशा पार्टी के हित में पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ काम किया, लेकिन हाल के दिनों में उन्हें पार्टी में लगातार नजरअंदाज और अपमानित महसूस कराया गया। उन्होंने कहा, “मुझे महसूस हो रहा है कि पार्टी को अब मेरी सेवाओं की आवश्यकता नहीं है। इसलिए जनहित में मैंने यह कठिन फैसला लिया है और आपसे मेरा इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध करता हूं।”
वहीं, उनके इस्तीफे और भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर बीजेपी नेता रबींद्र नारायण बेहरा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ओडिशा में राजनीतिक माहौल तेजी से बदल रहा है और बीजेडी के नेता एक-एक कर पार्टी छोड़ रहे हैं। बेहरा ने कहा, “इस समय ओडिशा में बीजेडी की विकेटें लगातार गिर रही हैं। बीजेडी सरकार के दौरान अच्छा शासन नहीं था, बल्कि दबंगई और भय का माहौल था। लोग पार्टी में घुटन महसूस कर रहे थे। अब भाजपा की डबल इंजन सरकार आने के बाद सुशासन स्थापित हो रहा है और प्रधानमंत्री मोदी का ‘सबका साथ, सबका विकास’ का मंत्र आगे बढ़ रहा है।” देवाशीष सामंतराय के भाजपा में शामिल होने की संभावना पर उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन जो भी निर्णय लेगा, उसका स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा, “अगर पार्टी फैसला लेती है तो हम निश्चित रूप से उनका स्वागत करेंगे। संगठन का जो भी निर्णय होगा, हम उसके साथ हैं।”