Breaking News

सितंबर में रिटेल महंगाई दर बढ़कर 5.54 प्रतिशत हुई, जो अगस्त में 4.82 फीसदी थी     |   बिहार कैबिनेट ने पीएम मोदी के 25 वर्ष की जनसेवा पर उनका हार्दिक अभिनंदन किया     |   झारखंड HC ने JPSC की तीन परीक्षाएं रद्द मामले में सुनवाई के बाद आदेश सुरक्षित रखा     |   'चुनाव आयोग को बचाते-बचाते बीजेपी खुद डूब जाएगी', अखिलेख यादव ने कहा     |   जंतर-मंतर को प्रोस्टेट साइट से हटाने का मामला दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचा, सुनवाई कल     |  

जम्मू कश्मीर: श्रीनगर में सीजन की पहली बर्फबारी हुई, सैलानियों के खिले चेहरे

जम्मू कश्मीर के मैदानी इलाकों लंबे समय से चले आ रहे सूखे का दौर शुक्रवार को खत्म हुआ। श्रीनगर और कश्मीर के मैदानी इलाकों में मौसम की पहली बर्फबारी हुई। इससे कश्मीर घूमने आए सैलानियों के चेहरे खिल गए। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मैदानी इलाकों समेत कश्मीर के ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई। ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह बर्फबारी शुरू हुई, जबकि श्रीनगर समेत मैदानी इलाकों में दोपहर बाद बर्फबारी हुई।

श्रीनगर के अलावा गांदरबल, अनंतनाग, कुलगाम, शोपियां और पुलवामा जिलों के मैदानी इलाकों में भी सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई। अधिकारियों ने कहा कि गुलमर्ग के मशहूर स्की रिसॉर्ट, सोनमर्ग और पहलगाम के पर्यटक रिसॉर्ट, गुरेज, जोजिला एक्सिस, साधना टॉप, मुगल रोड और बांदीपोरा, बारामूला और कुपवाड़ा जिलों के कई इलाकों में भी बर्फबारी दर्ज की गई।

वहीं, घाटी के दूसरे ऊंचे इलाकों में भी ताजा बर्फबारी की खबरें हैं। जगह-जगह हुई बर्फबरी से सड़कें, घर, गाड़ियों पर बर्फ की मोटी चादर चढ़ी दिखाई दी। अधिकारियों ने बताया कि सड़कों से बर्फ हटाने का काम शुरू हो गया है और इस काम की निगरानी के लिए हर जिला मुख्यालय पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं।

हालांकि, बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह राजमार्ग और मुगल रोड बंद हो गए। कश्मीर विश्वविद्यालय ने खराब मौसम के कारण शनिवार को होने वाली अपनी सभी परीक्षाएं स्थगित कर दीं। विश्वविद्यालय ने कहा कि स्थगित परीक्षाओं की नई तारीख जल्द ही निर्धारित की जाएंगी। मौसम विभाग ने कहा कि रात के दौरान हल्की बर्फबारी जारी रहने के आसार है। उनके मुताबिक शनिवार को दोपहर से मौसम में सुधार हो सकता है।

ठंड का सितम इस कदर है कि न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री से कई डिग्री नीचे बना रहा, जबकि घाटी के ज्यादातर जगहों पर रात के तापमान में मामूली वृद्धि हुई। उत्तरी कश्मीर में स्कीइंग गतिविधियों के लिए मशहूर गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण कश्मीर में सालाना अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कश्मीर के प्रवेशद्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पंपोर क्षेत्र का एक छोटा सा गांव कोनीबल शून्य से 9.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इसके साथ ही कोनीबल गांव घाटी में सबसे ठंडी जगह रहा। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

'चिल्लई-कलां' के 40 दिनों के दौरान बर्फबारी की संभावना अधिकतम होती है और तापमान काफी गिर जाता है। 'चिल्लई कलां' अगले साल 31 जनवरी को खत्म हो जाएगा, लेकिन घाटी में शीत लहर जारी रहेगी क्योंकि इसके बाद 20 दिन का 'चिल्लई-खुर्द' (छोटी सर्दी) और 10 दिन का 'चिल्लई-बच्चा' का दौर आएगा।