Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर देश की सुरक्षा, समाज की शांति और नागरिकों के जीवन की रक्षा करते हुए बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को नमन किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में आए बदलावों को साझा करते हुए कहा कि नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुलिस को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की स्वतंत्रता मिली है और सरकार अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

वीर पुलिसकर्मियों का बलिदान हमेशा रहेगा प्रेरणास्रोत

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि पुलिस स्मृति दिवस पर उन सभी वीर पुलिसकर्मियों को कृतज्ञतापूर्वक नमन करते हैं, जिन्होंने देश की सुरक्षा, समाज की शांति और नागरिकों के जीवन की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। कर्तव्य निभाते हुए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों का शौर्य, साहस और समर्पण सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

2017 से पहले प्रदेश में था माफिया राज: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में माफिया राज था। अराजक तत्वों के हौसले इतने बुलंद थे कि मथुरा के जवाहर बाग में कानून की रक्षा करते हुए वीर पुलिस अधिकारियों को अपने प्राणों का बलिदान देना पड़ा। उन्होंने कहा कि नए उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया गया है और प्रदेश उपद्रव से उत्सव प्रदेश बना है।

2.26 लाख से अधिक पुलिस भर्तियों से मजबूत हुई व्यवस्था

सीएम योगी ने प्रदेश में पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और सक्षम बनाने के लिए उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 2.26 लाख से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई है। पुलिस की प्रशिक्षण क्षमता में 10 गुना वृद्धि की गई है। इसके साथ ही सात बड़े शहरों में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू की गई है। प्रदेश के प्रत्येक जिले में साइबर थाने और प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना से पुलिस व्यवस्था को अधिक सक्षम, आधुनिक और जवाबदेह बनाने का प्रयास किया गया है।

गैंगस्टर एक्ट के तहत 88,973 अपराधियों पर कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने अपराधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई के आंकड़े साझा करते हुए कहा कि गैंगस्टर एक्ट के तहत 88,973 अपराधियों पर कार्रवाई की गई है। इसके अलावा ₹15 हजार करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की गई है। उन्होंने इन कार्रवाइयों को अपराध और अपराधियों के खिलाफ सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।

सुरक्षित और भयमुक्त उत्तर प्रदेश बनाने का संकल्प

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार वीर पुलिसकर्मियों के बलिदान और उनके परिवारों के त्याग को हमेशा याद रखेगी। उत्तर प्रदेश को सुरक्षित, न्यायपूर्ण और भयमुक्त बनाए रखने के लिए लगातार काम किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून का पालन सुनिश्चित करना और नागरिकों की सुरक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है।