एक्ट्रेस और कंटेंट क्रिएटर दिव्या विनकर का निधन हो गया है। उनके निधन की जानकारी उनकी दोस्त और मशहूर रेडियो जॉकी (RJ) रोहिणी रामनाथन ने सोशल मीडिया पर दी। रोहिणी के मुताबिक, दिव्या का निधन अचानक और अप्रत्याशित रूप से हुआ। हालांकि, उनकी मौत की वजह को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
रोहिणी रामनाथन ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए दिव्या के निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि इस खबर से वह सदमे में हैं। दिव्या अपने परिवार और उन सभी लोगों के लिए बेहद खास थीं, जिनकी जिंदगी में उन्होंने अपने प्यार और अच्छे व्यवहार से जगह बनाई थी। रोहिणी ने लोगों से इस मुश्किल समय में परिवार की निजता का सम्मान करने और अनावश्यक पूछताछ से बचने की अपील भी की।
रोहिणी रामनाथन ने याद किया दिव्या का योगदान
रोहिणी ने दिव्या को अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी का मजबूत सहारा बताया। उन्होंने कहा कि दिव्या का काम के प्रति समर्पण, दयालु स्वभाव और अपने काम की गहरी समझ उन्हें दूसरों से अलग बनाती थी। दिव्या ने Fever FM की टीम के साथ भी काम किया था और रेडियो जगत में अपनी खास पहचान बनाई थी। रोहिणी ने भावुक संदेश में दिव्या को याद करते हुए लिखा कि उनकी कमी हमेशा महसूस होगी और उनके साथ काम करने का मौका मिलना सौभाग्य की बात थी।
आलिया भट्ट की फिल्म ‘डार्लिंग्स’ में किया था काम
दिव्या विनकर ने अभिनय की दुनिया में भी काम किया था। वह आलिया भट्ट की फिल्म ‘डार्लिंग्स’ में महिला पुलिस कांस्टेबल के किरदार में नजर आई थीं। इस फिल्म में शेफाली शाह भी अहम भूमिका में थीं।
इसके अलावा दिव्या साल 2022 में रिलीज हुई थ्रिलर फिल्म ‘जलसा’ का भी हिस्सा थीं। इस फिल्म में विद्या बालन और शेफाली शाह ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं।
दिव्या अभिनय के साथ कंटेंट क्रिएशन और रेडियो इंडस्ट्री से भी जुड़ी हुई थीं। उनके निधन की खबर से उनके दोस्तों, सहकर्मियों और प्रशंसकों के बीच शोक का माहौल है। फिलहाल उनके निधन से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार है।