Breaking News

लोकसभा की कार्यवाही गुरुवार सुबह ग्यारह बजे तक स्थगित     |   जस्टिस यशवंत वर्मा को पद से हटाने के लिए शीतकालीन सत्र में लाया जा सकता है महाभियोग प्रस्ताव     |   दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य     |   कर्नाटक में विभागों का बंटवारा, सीएम शिवकुमार ने अपने पास रखा वित्त विभाग     |   टाटा के चेयरमैन चंद्रशेखरन के इस्तीफे की पेशकश के बाद TCS में 4.97% की गिरावट     |  

Himachal: फिर बदला मौसम का मिजाज, भारी बारिश और बर्फबारी का अनुमान, ऑरेंज अलर्ट जारी

Himachal: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। 18 मार्च की शाम से राज्य में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया। इसका अनुमान भारत मौसम विज्ञान विभाग पहले ही जता चुका था। राज्य के मैदानी और मध्य-पहाड़ी इलाकों में बुधवार से बारिश हो रही है, जबकि ऊंचे इलाकों में बर्फबारी जारी है। यह सिलसिला 21 मार्च की सुबह या दोपहर तक जारी रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान है, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी बर्फबारी भी हो सकती है। इसी की वजह से मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। शिमला, कुल्लू और मंडी में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। 21 मार्च से बारिश की गतिविधियां कम हो सकती हैं।

मार्च के पहले 13 दिनों के दौरान राज्य में बारिश में 98 फीसदी की कमी दर्ज की गई। हालांकि, 15 मार्च के आसपास हुई बारिश और बर्फबारी, और फिर 18 मार्च से इनके दोबारा शुरू होने से, इस कमी की कुछ हद तक भरपाई की उम्मीद है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के बाद भी हिमाचल प्रदेश में बारिश की कमी 70 फीसदी रहने की उम्मीद है।