पंजाब के फरीदकोट पुलिस ने सीमा पार से हेरोइन और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले कथित नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 47.3 किलो हेरोइन, 3 पिस्तौल, 3 मैगजीन, 15 कारतूस और 2 वाहन बरामद किए हैं। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस कार्रवाई की जानकारी दी।
सीमा पार तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप
डीजीपी गौरव यादव के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी पंजाब में सीमा पार से हेरोइन और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क से कथित तौर पर जुड़े हुए हैं। मामले में फरीदकोट के सादिक थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने और इसके आगे-पीछे के कनेक्शन की जांच कर रही है।
पंजाब पुलिस की लगातार कार्रवाई
यह कार्रवाई पंजाब में सीमा पार से होने वाली नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच हुई है। इस सप्ताह की शुरुआत में फरीदकोट पुलिस ने जेल से संचालित कथित अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी नेटवर्क का भी भंडाफोड़ किया था। उस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 10 अवैध पिस्तौल और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में संकेत मिले थे कि हथियार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजे गए थे। यह तस्करी अमृतसर जेल में बंद एक कथित सरगना के निर्देश पर की जा रही थी।
अमृतसर में भी 17 किलो हेरोइन बरामद
पंजाब में हालिया नशा विरोधी कार्रवाइयों के दौरान अमृतसर में भी एक अन्य सीमा पार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किए जाने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 17 किलो हेरोइन बरामद की गई। पंजाब पुलिस का कहना है कि सीमा पार तस्करी पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और नशीले पदार्थों तथा अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल नेटवर्क को निशाना बनाया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।