Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

Bihar: 'हृदय से आभार एवं धन्यवाद', बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत पर बोले नीतीश कुमार

Bihar: बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रचंड जीत की ओर अग्रसर होने के बाद शुक्रवार को कहा कि जनता ने उनकी सरकार के प्रति विश्वास जताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राजग के घटक दलों के प्रमुख नेताओं का धन्यवाद भी किया और कहा कि बिहार देश के सबसे ज्यादा विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।

नीतीश कुमार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बिहार विधानसभा चुनाव-2025 में राज्यवासियों ने हमें भारी बहुमत देकर हमारी सरकार के प्रति विश्वास जताया है। इसके लिए राज्य के सभी सम्मानित मतदाताओं को मेरा नमन, हृदय से आभार एवं धन्यवाद।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को उनसे मिले सहयोग के लिए उनका नमन करते हुए हृदय से आभार एवं धन्यवाद।’’ जेडीयू अध्यक्ष ने कहा कि राजग ने इस चुनाव में पूरी एकजुटता दिखाते हुए भारी बहुमत हासिल किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘इस भारी जीत के लिए एनडीए गठबंधन के सभी साथियों चिराग पासवान जी, जीतन राम मांझी जी एवं उपेन्द्र कुशवाहा जी को भी धन्यवाद और आभार।’’ नीतीश कुमार ने कहा, ‘‘आप सबके सहयोग से बिहार और आगे बढ़ेगा तथा बिहार देश के सबसे ज्यादा विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।’’