Breaking News

कुवैत में ड्रोन हमले से मीना अल-अहमदी रिफाइनरी में आग लगी, कोई हताहत नहीं     |   SC ने MP कांग्रेस नेता मुकेश मल्होत्रा को आंशिक राहत दी, फिलहाल विधायक बने रहेंगे     |   JDU विधायक अनंत सिंह को मिली जमानत     |   2026 उपचुनाव: गोवा-नागालैंड-त्रिपुरा-कर्नाटक में BJP उम्मीदवारों की लिस्ट जारी     |   रास लफ्फान में आग पर पूरी तरह काबू, कोई हताहत नहीं: कतर     |  

Jammu Kashmir: घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात, मैदानी इलाकों में भारी बारिश

Jammu Kashmir: जम्मू कश्मीर के गुलमर्ग और सोनमर्ग के पर्यटक स्थलों के साथ-साथ ऊंचाई वाले इलाकों में कई स्थानों पर ताजा बर्फबारी हुई, जबकि मैदानी इलाके भारी बारिश से प्रभावित हुए। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में स्थित गुलमर्ग और मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित सोनमर्ग, दोनों जगहों पर ताजा बर्फबारी हुई, जो आखिरी रिपोर्ट मिलने तक रुक-रुक कर जारी रही।

अधिकारियों ने बताया कि पिछले दिन से गुलमर्ग रिजॉर्ट में लगभग पांच से छह इंच ताजा बर्फ जमा हो चुकी है। शोपियां जिले में मुगल रोड तथा पीर की गली, बांदीपुरा में राजदान टॉप और गुरेज तथा कुपवाड़ा में साधना टॉप सहित अन्य अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी ताजा हिमपात हुआ।

घाटी के अधिकांश ऊपरी क्षेत्रों में रविवार से रुक-रुक कर हिमपात हो रहा है। इसके विपरीत, श्रीनगर सहित घाटी के मैदानी इलाकों में भारी बारिश हुई। अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कारण पूरे क्षेत्र में तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने 20 मार्च तक मौसम में उतार-चढ़ाव की संभावना जताई है।

विभाग ने संकेत दिया है कि शुक्रवार तक अधिकांश क्षेत्रों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है। चिनाब घाटी के ऊंचे इलाकों और दक्षिण कश्मीर के क्षेत्रों में मध्यम से भारी बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग ने 21 से 24 मार्च तक आमतौर पर शुष्क मौसम का अनुमान लगाया है, लेकिन 23 मार्च को कुछ क्षेत्रों में थोड़ी बारिश या बर्फबारी होने की संभावना जताई है। वहीं 26 से 28 मार्च तक हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है, खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में, जबकि 29 से 31 मार्च तक बारिश या बर्फबारी का एक और दौर आने की उम्मीद है।

इसके अतिरिक्त, कुछ क्षेत्रों में 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही छिटपुट ओलावृष्टि की भी संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों को 21 मार्च के बाद कृषि कार्य फिर से शुरू करने की सलाह दी है।