आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर ईडी ने रेड मारी है। हाल ही में राघव चड्ढा को हटाकर उन्हें राज्यसभा का डिप्टी लीडर बनाया गया था। वे लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संचालक भी हैं। ईडी ने बुधवार सुबह करीबन 5:00 बजे अशोक मित्तल के जालंधर कैंट स्थित घर पर रेड की है। मित्तल उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपने प्रशंसनीय कार्य और समाज सेवा के लिए जाने जाते हैं।
सामान्य परिवार में जन्मे अशोक मित्तल ने अपनी मेहनत और योग्यता के दम पर सफलता प्राप्त की और इतने बड़े मुकाम तक पहुंचे हैं। पंजाब के शिक्षा क्षेत्र में योगदान देने के लिए इन्होंने जालंधर में देश के प्रसिद्ध यूनिवर्सिटी लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी(एलपीयू) की स्थापना की। एलपीयू भारत की सबसे बड़ी यूनिवर्सिटियों में से एक है। 50 से अधिक देशों से छात्र यहां पढ़ने आते हैं।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद डीएमके सांसद कनीमोझी की अध्यक्षता में रूस, Latvia, स्लोवेनिया, ग्रीस और स्पेन गए ऑल पार्टी डेलिगेशन में भी अशोक मित्तल शामिल थे। साल 2024 में केजरीवाल ने जब जेल से लौटने के बाद दिल्ली के सीएम पद से इस्तीफा दिया था, तब अशोक मित्तल ने ही अपना बंगला उन्हें रहने के लिए ऑफर किया था। उस वक्त अशोक मित्तल ने कहा था, केजरीवाल द्वारा CM आवास छोड़ने के बाद मैंने उन्हें खुद के साथ रहने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि आप के अन्य नेताओं ने भी साथ रहने का निमंत्रण दिया था, लेकिन उन्होंने मेरे साथ रहने का फैसला लिया।