राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर यूपी में विधानसभा चुनाव 2027 की बिसात बिछने लगी है. इसी अहम रणनीति के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कानपुर पहुंच गए है. सीएम योगी सीएसए (CSA) हेलीपैड पहुंचने के बाद वहां से सीधे नवाबगंज स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय के लिए रवाना हुए. यहां वह संघ और भाजपा की अहम समन्वय बैठक में करीब ढाई घंटे तक मौजूद रहेंगे. इसके बाद वह वापस लखनऊ लौट जाएंगे.
इस ढाई घंटे की बैठक को 2027 के चुनावों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. इसमें मुख्य रूप से प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक माहौल और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा. समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की रणनीति बनाई जाएगी. यूजीसी (UGC) नियमों में हुए हालिया बदलाव और प्रयागराज के माघ मेले में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को लेकर उठे विवाद के बाद बने हालात पर भी खास विचार-विमर्श होगा. कुल मिलाकर, कानपुर की यह समन्वय बैठक आगामी यूपी विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा और संघ के विजन 2027 की दिशा तय करेगी. सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल व जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया है.