मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में आयोजित ‘सफलता के मंत्र’ कार्यक्रम में भाग लिया और यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में चयनित प्रदेश के अभ्यर्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने चयनित उम्मीदवारों से संवाद भी किया और उम्मीद जताई कि वे ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा, “यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि हिंदी माध्यम, सरकारी स्कूलों-कॉलेजों और प्रदेश के छोटे क्षेत्रों से आए अभ्यर्थियों ने यूपीएससी 2025 में सफलता हासिल की है। यहां तक कि दो अभ्यर्थियों ने टॉप-10 में भी जगह बनाई है। आज मैंने मध्य प्रदेश सरकार की ओर से 61 चयनित अभ्यर्थियों को सम्मानित किया है।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए योग्य अधिकारियों का चयन बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन और विभाग के अन्य अधिकारियों को भी बधाई दी। सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी पोस्ट करते हुए कहा कि राज्य से सिविल सेवा में चयनित होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कुल 61 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं, जिनमें दो टॉप-10 में शामिल हैं। उन्होंने कहा, “जब 2047 में देश ‘आजादी का अमृत काल’ मना रहा होगा, तब आप सभी जिम्मेदार पदों पर रहकर देश और मध्य प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। मुझे विश्वास है कि आप सभी विकसित भारत के शिल्पकार बनेंगे।”