Breaking News

अमित शाह 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ के दौरे पर रहेंगे     |   प्रयागराज जिले में कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल 30 अक्टूबर को रहेंगे बंद     |   कर्नाटक कैबिनेट ने नंदिनी दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की     |   दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने आवास पर करवा चौथ मनाया     |   पाकिस्तान में एंबुलेंस के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, महिला समेत 10 लोगों की मौत     |  

जम्मू कश्मीर: बारामूला पुलिस ने 2023 में 34 करोड़ रुपये की ड्रग्स नष्ट की

जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में जब्त की गई करोड़ों रुपये की ड्रग्स को शनिवार को नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने ये जानकारी दी। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमोद अशोक नागपुरे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय मादक पदार्थ निपटान समिति, बारामूला ने स्वापक औषधि और मन प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की धारा 52 ए (जब्त मादक पदार्थ का निपटान) के तहत जब्त किए गए नशीले पदार्थों को नष्ट कर दिया। 

प्रवक्ता ने बताया कि उत्तरी कश्मीर जिले के उरी, बोनियार, पट्टन, क्रेरी, कुंजर और तंगमर्ग थाने में दर्ज 27 मामलों में जब्त किए गए प्रतिबंधित नशीले पदार्थों को नष्ट कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जब्त किए गए पदार्थों में 6.30 किलोग्राम हेरोइन, 63.41 किलोग्राम अफीम का चूरा, 207 ग्राम गांजा, 652 ग्राम भांग, 600 ग्राम भांग पाउडर, 953 ग्राम चरस, 1.12 किलोग्राम चरस पाउडर और 127 ग्राम फुक्की शामिल हैं। इन सभी नशीले पदार्थों की कीमत करोड़ों रुपये है। 

पुलिस ने इस साल जुलाई में जिले के अलग-अलग थानों के 32 मामलों में जब्त नशीले  पदार्थों को नष्ट करने की कार्रवाई की। अधिकारी ने बताया कि नष्ट किए गए प्रतिबंधित पदार्थों में 6.37 ग्राम चरस, 32.90 किलोग्राम अफीम का चूरा, 14.28 किलोग्राम हेरोइन और 18 ग्राम ब्राउन शुगर शामिल थी, जिनकी कीमत करोड़ों रुपये है।

प्रवक्ता ने बताया कि इलाके के लोगों ने इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों से मुलाकात की और समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में उनकी कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता के लिए उनका आभार जताया।