Breaking News

बीजेपी विधायक कालिदास कोलंबकर विधानसभा के 'प्रोटेम स्पीकर' के रूप में शपथ लेंगे

भारतीय जनता पार्टी के विधायक कालीदास कोलंबकर शुक्रवार को महाराष्ट्र विधानसभा के 'प्रोटेम स्पीकर' के रूप में शपथ लेंगे। महाराष्ट्र विधानसभा का तीन दिवसीय विशेष सत्र शुरू होने से एक दिन पहले कोलंबकर शपथ लेंगे। नौ बार विधायक रहे कोलंबकर दोपहर एक बजे राजभवन में 'प्रोटेम स्पीकर' के रूप में शपथ लेंगे। राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन उन्हें शपथ दिलाएंगे।

‘प्रोटेम स्पीकर’ के रूप में वो 288 नवनिर्वाचित विधायकों को पद की शपथ दिलाएंगे और सात दिसंबर से शुरू हो रहे 15वीं विधानसभा के तीन दिवसीय विशेष सत्र के दौरान विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव कराएंगे। विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव नौ दिसंबर को होगा, जिसके बाद देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार विश्वास मत हासिल करेगी।

फडणवीस ने गुरुवार शाम राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके साथ महायुति के सहयोगी एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में उप-मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।