उत्तर प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की मदद कर उनकी जान बचाने वाले नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के साथ घायलों की मदद करने वालों को प्रोत्साहित करने की दिशा में कदम उठाया गया है। केंद्र सरकार ने राहवीर योजना के तहत पुरस्कार वितरण के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग को 10 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 21 सितंबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से इसकी जानकारी दी। परिवहन विभाग के अनुसार, प्रदेश में 27 राहवीरों को 25-25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देने की तैयारी है। इससे सड़क हादसों के दौरान घायलों की मदद के लिए आगे आने वाले लोगों को प्रोत्साहन मिलेगा।
गुड सेमेरिटन योजना का नया स्वरूप है राहवीर योजना
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 3 अक्टूबर 2021 को गुड सेमेरिटन को पुरस्कृत करने की योजना शुरू की थी। इसके पहले वित्तीय चक्र में 36 लोगों को पांच-पांच हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई थी।
इसके बाद 21 अप्रैल 2025 को इस योजना को नए नाम ‘राहवीर योजना’ के रूप में जारी किया गया। इसके तहत पुरस्कार राशि बढ़ाकर प्रति व्यक्ति 25 हजार रुपये कर दी गई। मंत्रालय ने इस पहल को 16वें वित्तीय चक्र में भी जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
27 राहवीरों को पुरस्कृत करने की तैयारी
उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के मुताबिक, प्रदेश के 27 राहवीरों को 25-25 हजार रुपये देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लिए जिला सड़क सुरक्षा समितियों की अनुशंसा के आधार पर प्रस्ताव बनाए गए हैं। सितंबर 2026 में पुरस्कार वितरण के लिए केंद्र सरकार से धनराशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था। अब केंद्र से 10 लाख रुपये मिलने के बाद पुरस्कार वितरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
गोल्डन आवर में मदद करने वालों को मिलेगा सम्मान
राहवीर योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने और उसकी जान बचाने में मदद करने वाले नागरिकों को सम्मानित करना है। दुर्घटना के बाद शुरुआती एक घंटे को ‘गोल्डन आवर’ कहा जाता है। इस दौरान समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से घायल व्यक्ति की जान बचाने में मदद मिल सकती है।
योजना के तहत गोल्डन आवर में दुर्घटना पीड़ित को अस्पताल पहुंचाने और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में योगदान देने वाले पात्र नागरिकों को आर्थिक पुरस्कार दिया जाता है। इससे लोगों को सड़क हादसों के समय घायलों की मदद के लिए आगे आने की प्रेरणा मिल सकती है।
लाभार्थियों तक सीधे पहुंचेगी पुरस्कार राशि
परिवहन विभाग के अनुसार, पुरस्कार राशि जारी करने के लिए 10 लाख रुपये परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के भारतीय रिजर्व बैंक के ई-कुबेर सीएनए खाते में भेजे गए हैं। इस व्यवस्था के माध्यम से स्वीकृत लाभार्थियों को पुरस्कार राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
योगी सरकार प्रदेश में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और दुर्घटना पीड़ितों को समय पर सहायता दिलाने के लिए लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दे रही है। राहवीर योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।