उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे तकनीकी युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने अवर अभियंता (जूनियर इंजीनियर) के कुल 1536 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया है। इनमें अवर अभियंता (यांत्रिक) के 1156 और अवर अभियंता (विद्युत) के 380 पद शामिल हैं।
आयोग ने दोनों भर्तियों के लिए अलग-अलग विज्ञापन जारी किए हैं। इन पदों के लिए आवेदन ऑनलाइन किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले संबंधित विज्ञापन में दी गई पात्रता और अन्य शर्तों की जानकारी लेनी होगी।
यांत्रिक के 1156 पदों के लिए 3 नवंबर से आवेदन
अवर अभियंता (यांत्रिक) मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 3 नवंबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी 25 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं, शुल्क समायोजन और आवेदन में अनुमन्य संशोधन की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
विद्युत के 380 पदों के लिए 6 नवंबर से आवेदन
अवर अभियंता (विद्युत) मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 से शुरू होगी। आवेदन करने और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 27 नवंबर 2026 है। शुल्क समायोजन और आवेदन में अनुमन्य संशोधन 4 दिसंबर 2026 तक किया जा सकेगा।
PET-2025 के स्कोर से होगी शॉर्टलिस्टिंग
दोनों भर्तियों में वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2025 में हिस्सा लिया है और आयोग की ओर से उन्हें इसका स्कोर कार्ड जारी किया गया है। मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग PET-2025 के नॉर्मलाइज्ड स्कोर और मेरिट के आधार पर की जाएगी।
आयोग के अनुसार, PET-2025 में वास्तविक या नॉर्मलाइज्ड स्कोर शून्य अथवा उससे कम या नकारात्मक होने वाले अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट नहीं किया जाएगा।
UI और प्रोविजनल श्रेणी के अभ्यर्थियों को सशर्त अनुमति
आयोग ने PET-2025 के परिणाम में अंडर इन्वेस्टिगेशन (UI) और प्रोविजनल श्रेणी में चिह्नित अभ्यर्थियों को भी अंतिम निर्णय आने तक मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन करने की सशर्त अनुमति दी है। हालांकि, उनकी शॉर्टलिस्टिंग और चयन से जुड़ी आगे की कार्रवाई आयोग स्तर पर चल रही जांच के अंतिम निर्णय पर निर्भर करेगी।
पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पर जोर
योगी सरकार प्रदेश में सरकारी भर्तियों को पारदर्शी और योग्यता आधारित बनाने पर जोर दे रही है। अवर अभियंता के 1536 पदों पर भर्ती से तकनीकी योग्यता रखने वाले युवाओं को सरकारी सेवा में जाने का अवसर मिलेगा। साथ ही, विभिन्न सरकारी विभागों में तकनीकी कर्मचारियों की जरूरत पूरी करने में भी मदद मिलेगी। अभ्यर्थी भर्ती से जुड़ी पात्रता, विज्ञापन और आवेदन संबंधी विस्तृत जानकारी उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर देख सकते हैं।