जौनपुर में विशाल यादव की हत्या को लेकर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में होने वाली करीब 90 प्रतिशत आपराधिक घटनाओं में कहीं न कहीं समाजवादी पार्टी का कनेक्शन सामने आता है। उन्होंने कहा कि विशाल यादव हत्याकांड में भी पीड़ित परिवार ने स्थानीय सपा विधायक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं।
अनिल राजभर ने कहा कि सरकार पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की शिकायत में उठाए गए हर पहलू की जांच होगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अपराध और अपराधियों को संरक्षण देने वालों के खिलाफ सरकार की नीति बिल्कुल स्पष्ट है। ऐसे मामलों में कार्रवाई ऐसी होनी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई अपराध करने से पहले अपराधियों को कानून का डर रहे।
उन्होंने कहा कि विशाल यादव के परिजनों ने जो आरोप लगाए हैं, उनकी भी गंभीरता से जांच की जाएगी। सरकार की कार्रवाई तब तक जारी रहेगी, जब तक पीड़ित परिवार कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हो जाता। दरअसल, 11 सितंबर को जौनपुर के तिवारीपुर निवासी विशाल यादव उर्फ बिच्छी सैलून से बाल कटवाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उस पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल विशाल की मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने विशाल का शव जौनपुर-मिर्जापुर हाईवे पर रखकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। विशाल की मां मालती देवी और अन्य परिजनों ने स्थानीय सपा विधायक लकी यादव पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने 28 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। परिजनों के मुताबिक, विशाल गुजरात में ट्रेलर चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। सरकार की ओर से मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।