Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

राहुल गांधी ने मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम से की मुलाकात, प्रियंका गांधी भी रहीं मौजूद

18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ ब्रेकफास्ट मीटिंग की। इस दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं। पार्टी की ओर से साझा किए गए वीडियो और तस्वीरों में राहुल गांधी और अनवर इब्राहिम को नाश्ते की मेज पर बातचीत करते हुए देखा गया। इस दौरान दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और मुस्कुराते हुए बातचीत की।

यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब नई दिल्ली में आयोजित 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन अपने अंतिम दिन में पहुंच गया है। इससे एक दिन पहले शनिवार को ब्रिक्स नेताओं ने न्यू दिल्ली डिक्लेरेशन 2026 को सर्वसम्मति से मंजूरी दी थी। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में ब्रिक्स नेताओं का स्वागत किया। इसके बाद ‘Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability: Shaping the Future for Inclusive Global Growth’ विषय पर खुले सत्र का आयोजन किया गया।

पीएम मोदी ने मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद, वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग, बुरुंडी के राष्ट्रपति इवरिस्ते नदायिशिमिये, कजाखस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव और युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो का गर्मजोशी से स्वागत किया।

ब्रिक्स के न्यू दिल्ली घोषणापत्र में पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ते तनाव पर गंभीर चिंता जताई गई। नेताओं ने सभी पक्षों से अधिकतम संयम बरतने और ऐसी कार्रवाइयों से बचने की अपील की, जिससे स्थिति और खराब हो सकती है। घोषणापत्र में इजरायल-फिलिस्तीन संघर्ष के स्थायी समाधान के लिए दो-राष्ट्र समाधान के समर्थन को भी दोहराया गया। साथ ही फिलिस्तीन के लिए अंतरराष्ट्रीय संस्थागत समर्थन बढ़ाने और गाजा में मानवीय सहायता सुनिश्चित करने की इजरायल की कानूनी जिम्मेदारी की पुष्टि की गई।