Breaking News

बिहार के मोकामा से JDU MLA अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर कोर्ट ने 30 मई तक रोक लगाई     |   मोहम्मद बगेर गालिबफ दोबारा ईरानी संसद के स्पीकर चुने गए     |   बंगाल: आसनसोल में SAIL की जमीन पर बने TMC पार्षद के पार्टी दफ्तर पर बुलडोजर चला     |   पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग आज दोपहर 3 बजे     |   नीट यूजी 2026 पेपर लीक: CBI ने मनीषा हवलदार को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया     |  

चारधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 35 दिनों में 20 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा में इस बार श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा शुरू होने के महज 35 दिनों के भीतर ही 20 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है।चारधाम यात्रा के दौरान एक दिन में रिकॉर्ड 96,116 श्रद्धालुओं के पहुंचने का आंकड़ा भी सामने आया है, जो अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड माना जा रहा है। सबसे अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे हैं, जहां अब तक 8 लाख से ज्यादा भक्त माथा टेक चुके हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्थाएं संभाल रहा है। धामी सरकार द्वारा यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य, सुरक्षा, ट्रैफिक, साफ-सफाई और ठहरने की बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल और आपदा प्रबंधन टीमें तैनात की गई हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यात्रियों से मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी बड़ा लाभ मिल रहा है। राज्य सरकार का दावा है कि इस बार की यात्रा व्यवस्थाएं पहले से अधिक बेहतर और व्यवस्थित हैं।