कप्तान रोहित शर्मा ने रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की शुरुआती पारी में टीम के 46 रन पर आउट होने पर कहा कि वो तीन घंटे भारतीय टीम की काबिलियत तय नहीं करेंगे और इस आधार पर उनके खिलाड़ियों के बारे में कोई भी फैसला लेना गलत होगा। भारतीय टीम ने दूसरी पारी में शानदार जज्बा दिखाते हुए 462 रन बनाए लेकिन न्यूजीलैंड इस मुकाबले को आठ विकेट से जीतने में सफल रहा।
रोहित ने कहा कि एक सत्र में खराब खेल से उनकी टीम की अच्छी क्रिकेट खेलने और मुश्किल परिस्थिति से वापसी करने की क्षमता तय नहीं होगी। उन्होंने मैच के बाद कहा, "ईमानदारी से कहूं तो मैं इस टेस्ट मैच पर ज्यादा ध्यान नहीं देने जा रहा हूं क्योंकि वो तीन घंटे ये तय नहीं करेंगे कि ये टीम क्या है। आप जानते हैं कि उन तीन घंटों के बारे में सोचना और उस आधार पर खिलाड़ियों को आंकना गलत होगा।"
भारतीय कप्तान ने कहा, "टीम में हमें सकारात्मक माहौल बनाए रखना जरूरी है। हमें दूसरी पारी में बल्ले से इस मैच में वास्तव में वापसी करने का एक तरीका मिल गया था। हम टेस्ट मैच हार गए लेकिन मुझे लगता है कि हमारे लिए इस मैच बहुत सारी अच्छी चीजें भी हुई हैं।" भारतीय कप्तान ने माना कि टीम ने कुछ गलतियां की हैं लेकिन आगामी मैच से पहले घबराने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा, "हमने इस मैच में छोटी-छोटी गलतियां की हैं और हमें इसका परिणाम भुगतना पड़ रहा है। इसका हालांकि ये मतलब नहीं कि सब कुछ खत्म हो गया है। हम पहले भी ऐसे मैच हार चुके हैं और उसके बाद हमने वापसी की है। इसलिए हम कोशिश करेंगे कि इस टेस्ट के बारे में ज्यादा न सोचें।" रोहित ने कहा कि टीम का ध्यान 24 अक्टूबर से पुणे में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले खुद को मजबूत करने पर है।
उन्होंने कहा, "अब ये घबराहट में आए बिना माहौल को शांत बनाये रखने के बारे में है। ये महत्वपूर्ण है कि हम मजबूत रहें और कोशिश करें और देखें कि हम दूसरे मैच में कैसे जीत हासिल कर सकते हैं।" गर्दन में अकड़न की वजह से पहला टेस्ट नहीं खेल पाने वाले शुभमन गिल की जगह पर टीम में आए सरफराज खान की बल्लेबाजी से रोहित काफी खुश है।
उन्होंने इस युवा बल्लेबाज की तारीफ करते हुए कहा, "ऐसा लग रहा था कि एक समय हम मैच में आगे है। हमें ऐसा नहीं लगा कि हम 350 से पीछे हैं और ये ऐसी चीज है जिस पर मुझे वास्तव में गर्व है। ये दुर्भाग्यपूर्ण था कि शुभमन इस मैच से चूक गए। सरफराज ने उस मौके का फायदा उठाया और 100 रन बनाए। ये टीम के लिए अच्छा संकेत है।"
तीन घंटे का खेल टीम की काबिलियत तय नहीं करेगा: रोहित शर्मा
You may also like
हाइलो ओपन: पीवी सिंधू और लक्ष्य सेन फाइनल में पहुंचे, अनमोल खरब और फ्रांस के पोपोव को दी शिकस्त.
एशियन पैरा गेम्स-2026 में सिमरन ने जीते दो स्वर्ण, योगी सरकार ने उपलब्धि पर जताया गर्व.
Asian Para Games 2026: भारतीय पैरालंपिक चैंपियन हरविंदर सिंह और विजय सुंडी को पैरा रिकर्व पुरूष युगल तीरंदाजी में स्वर्ण.
Asian Para Games 2026: हानी और संदीप ने विश्व रिकॉर्ड के साथ जीता स्वर्ण.