Breaking News

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में थाइलैंड के मालवाहक जहाज पर हमला हुआ     |   स्विट्जरलैंड: रेलवे कोच में आग लगने से कम से कम छह लोगों की मौत     |   NCERT किताब विवाद: सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को डोमेन एक्सपर्ट कमेटी के गठन का आदेश दिया     |   सेंसेक्स 1342 अंक गिरकर 76,863 पर बंद, निफ्टी 394 अंक गिरकर 23,866 पर पहुंचा     |   मिडिल ईस्ट में अब बैंक और वित्तीय संस्थान हमारे निशाने पर, युद्ध के बीच ईरान का ऐलान     |  

एडिलेड टेस्ट से पहले दिवंगत फिलिप ह्यूज को दी जाएगी श्रद्धांजलि, भावुक हुए सीन एबॉट

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर फिलिप ह्यूज की बल्लेबाजी के दौरान गर्दन पर गेंद लगने से हुई दुखद मौत की 10वीं बरसी पर उनके परिवार और दोस्तों ने इस दिवंगत ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर को श्रद्धांजलि दी। इसी दौरान क्रिकेटर सीन एबॉट को आंसू पोंछते देखा गया। 

एबॉट ने 2014 में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में न्यू साउथ वेल्स और दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए शेफील्ड शील्ड मैच के दौरान वो खतरनाक गेंद फेंकी थी जो ह्यूज के गर्दन पर लगी थी जिसकी वजह से बाद में उनकी मौत हो गई थी। 

न्यू साउथ वेल्स के खिलाड़ियों ने तस्मानिया के खिलाफ शेफील्ड शील्ड मैच के चौथे दिन बुधवार को खेल शुरू होने से पहले एक मिनट का मौन रखा और इस बीच एबॉट को भी सांत्वना दी। ऑस्ट्रेलिया के लिए 26 टेस्ट, 25 वनडे और एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले ह्यूज का अपने 26वें जन्मदिन से तीन दिन पहले निधन हो गया था। ह्यूज को श्रद्धांजलि देने के लिए शेफील्ड शील्ड में खेल रहे खिलाड़ी शनिवार से मैचों में काली पट्टी पहन रहे हैं। 

ह्यूज के परिवार ने अपने संदेश में कहा, ‘‘आज हमारे प्रिय बेटे और भाई, फिलिप जोएल ह्यूज के निधन की 10वीं बरसी है। फिलिप बेहद प्यारा और मिलनसार इंसान था। वो हमारे जीवन की रोशनी था। उसे अपने परिवार से गहरा लगाव था और वो अपने आसपास के लोगों का बेहद सम्मान करता था।’’ 

मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक, एबॉट से पहले ही सलाह ली गई थी कि क्या वो ऑस्ट्रेलियाई खेलों के सबसे दुखद क्षणों में से एक मानी जाने वाली ह्यूज की बरसी पर होने वाले मैच को लेकर सहज होंगे। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एडिलेड में छह दिसंबर से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले भी ह्यूज को श्रद्धांजलि दी जाएगी।