Breaking News

झारखंड में राज्यसभा चुनाव से पहले गरमाई सियासत, JMM ने EC को पत्र लिख जताई 'हॉर्स ट्रेडिंग' की आशंका     |   तमिलनाडु में वरिष्ठ IPS अधिकारियों का फेरबदल, टीएस अन्बू ADGP लॉ & ऑडर नियुक्त     |   JK: रोपवे रुकने से हवा में अटके 200 से ज्यादा पर्यटकों को बचाया, रेस्क्यू जारी     |   भारत मौसम विज्ञान विभाग ने तेलंगाना के कई जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया     |   बिहार के सीएम सम्राट चौधरी को दिल्ली में कामराज लेन स्थित बंगला नंबर 6 आवंटित     |  

IPL में पार्थिव पटेल को बड़ी जिम्मेदारी, GT ने बल्लेबाजी और सहायक कोच नियुक्त किया

गुजरात टाइटंस ने भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र के लिए बल्लेबाजी और सहायक कोच नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने बुधवार को ये जानकारी दी। 

पार्थिव पटेल मुख्य कोच आशीष नेहरा के नेतृत्व वाले सहयोगी स्टाफ में दोहरी भूमिका निभाएंगे। फ्रेंचाइजी ने जारी एक बयान में कहा, "गुजरात टाइटंस को अपने नए सहायक और बल्लेबाजी कोच के रूप में पार्थिव पटेल की नियुक्ति की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। ये पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज अपने 17 साल के शानदार करियर का अनुभव टीम के साथ जोड़ेगा।" 

बयान में कहा गया है, "टाइटंस आईपीएल के आगामी सत्र के लिए तैयारी कर रहा है और ऐसे में पार्थिव की बल्लेबाजी तकनीक और रणनीति तैयार करने की क्षमता खिलाड़ियों के कौशल को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।" 

पार्थिव ने 2020 में क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। ये पहला मौका होगा, जब वो आईपीएल में कोच की भूमिका निभाएंगे। वे पिछले तीन सत्रों से मुंबई इंडियंस के लिए टैलेंट स्काउट के रूप में काम कर रहे थे। वे आईएलटी20 के पहले सत्र में एमआई अमीरात के बल्लेबाजी कोच भी रहे।