Breaking News

झारखंड में राज्यसभा चुनाव से पहले गरमाई सियासत, JMM ने EC को पत्र लिख जताई 'हॉर्स ट्रेडिंग' की आशंका     |   तमिलनाडु में वरिष्ठ IPS अधिकारियों का फेरबदल, टीएस अन्बू ADGP लॉ & ऑडर नियुक्त     |   JK: रोपवे रुकने से हवा में अटके 200 से ज्यादा पर्यटकों को बचाया, रेस्क्यू जारी     |   भारत मौसम विज्ञान विभाग ने तेलंगाना के कई जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया     |   बिहार के सीएम सम्राट चौधरी को दिल्ली में कामराज लेन स्थित बंगला नंबर 6 आवंटित     |  

कपिल देव ने बुमराह की तारीफ की, कहा- बहुत कम होता है कि गेंदबाजों को कप्तान चुना जाए

महान ऑलराउंडर कपिल देव ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रहे पर्थ टेस्ट में आगे बढ़कर भारत की अगुवाई करने के लिए रविवार को जसप्रीत बुमराह की तारीफ की और कहा कि मेहमान टीम ने अब तक उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। पर्थ टेस्ट के कार्यवाहक कप्तान बुमराह ने पहली पारी में 30 रन देकर पांच विकेट चटकाकर टीम को 46 रन की अहम बढ़त दिलाई। ऑस्ट्रेलिया की टीम महज 104 रन पर आउट हो गई। 

जसप्रीत बुमराह ने टेस्ट क्रिकेट में 11वीं बार पांच विकेट चटकाए और सेना यानी दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में सातवीं बार ये उपलब्धि हासिल की। वे इन देशों में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में कपिल देव के बराबर पहुंच गए हैं। 

कपिल ने विश्व समुद्र गोल्डन ईगल गोल्फ चैंपियनशिप के दौरान मीडिया से कहा, ‘‘बुमराह को बधाई दी जानी चाहिए क्योंकि ऐसा बहुत कम होता है कि गेंदबाजों को कप्तान चुना जाए उन्हें जिस तरह से नेतृत्व करते हुए देखा है वे बहुत अच्छा लगता है।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे कुछ कहने की जरूरत नहीं है - उनके रिकॉर्ड बताते हैं कि वो कितने अच्छे हैं। वे दुनिया के शीर्ष गेंदबाज हैं, हमें और क्या चाहिए?’’ कपिल ने कहा, ‘‘मैंने पहले कभी नहीं सोचा था कि भारत में एक तेज गेंदबाज के बारे में इतनी चर्चा होगी। लेकिन आज ऐसा हो रहा है और मुझे इस पर खुशी और गर्व है।’’

कपिल ने कहा कि भारत का प्रदर्शन शानदार है क्योंकि टीम को हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा, ‘‘टीम वास्तव में अच्छा खेल रही है। उन्हें पहला टेस्ट जीतना चाहिए, सकारात्मक सोच हमेशा बनी रहनी चाहिए।’’