Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

पंजाब के खिलाफ कर्नाटक के रणजी मैच में नहीं खेलेंगे केएल राहुल

कोहनी की चोट से उबर रहे अनुभवी बल्लेबाज के. एल. राहुल को 23 जनवरी से पंजाब के खिलाफ शुरू होने वाले एलीट ग्रुप सी मैच के लिए कर्नाटक की रणजी ट्रॉफी टीम में शामिल नहीं किया गया। पीटीआई ने 18 जनवरी को खबर दी थी कि राहुल 30 जनवरी को हरियाणा के खिलाफ कर्नाटक के आखिरी लीग मैच के लिए राज्य की टीम का हिस्सा हो सकते हैं।

विकेटकीपर-बल्लेबाज को छह फरवरी से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली तीन मैचों की घरेलू सीरीज और 19 फरवरी से होने वाली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारत की एकदिवसीय टीम में शामिल किया गया है। सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल 16 सदस्यीय टीम की अगुआई करेंगे, जिसमें भारत के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा और शीर्ष क्रम के बल्लेबाज देवदत्त पडीक्कल भी शामिल हैं।

पडीक्कल ने हाल में विजय हजारे ट्रॉफी के तीन मैचों में एक अर्धशतक और एक शतक बनाया था। विजय हजारे ट्रॉफी में कर्नाटक की जीत में 18 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन करने वाले श्रेयस गोपाल को उप-कप्तान बनाया गया है।

कर्नाटक की टीम में मयंक अग्रवाल (कप्तान), श्रेयस गोपाल (उप-कप्तान), देवदत्त पडीक्कल, केवी अनीश, आर स्मरण, केएल श्रीजीत (विकेटकीपर), अभिनव मनोहर, हार्दिक राज, प्रसिद्ध कृष्णा, वासुकी कौशिक, अभिलाष शेट्टी, यशोवर्धन परंतप, निकिन जोस, विद्याधर पाटिल, सुजय सथेरी (विकेटकीपर) और मोहसिन खान शामिल हैं।