Breaking News

सितंबर में रिटेल महंगाई दर बढ़कर 5.54 प्रतिशत हुई, जो अगस्त में 4.82 फीसदी थी     |   बिहार कैबिनेट ने पीएम मोदी के 25 वर्ष की जनसेवा पर उनका हार्दिक अभिनंदन किया     |   झारखंड HC ने JPSC की तीन परीक्षाएं रद्द मामले में सुनवाई के बाद आदेश सुरक्षित रखा     |   'चुनाव आयोग को बचाते-बचाते बीजेपी खुद डूब जाएगी', अखिलेख यादव ने कहा     |   जंतर-मंतर को प्रोस्टेट साइट से हटाने का मामला दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचा, सुनवाई कल     |  

भारत ने इंग्लैंड को 38 रन से हराया, जेमिमा-यास्तिका की फिफ्टी, नंदनी को डेब्यू मैच में तीन विकेट

IND w vs ENG w: भारतीय महिला टीम ने टी-20 सीरीज के पहले मैच में मेजबान इंग्लैंड को 38 रन से हरा दिया। उसने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। चेम्सफोर्ड में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। भारत ने सात विकेट पर 188 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड आठ विकेट पर 150 रन ही बना सकी। भारत की ओर से जेमिमा रोड्रिग्स ने 69 और यास्तिका भाटिया ने 54 रन बनाए। डेब्यू मैच खेल रहीं नंदनी शर्मा ने तीन विकेट लिए।

अगले महीने 12 जून से शुरू होने वाले टी20 विश्व कप से पहले भारत की यह आखिरी सीरीज है। हरमनप्रीत कौर की गैरमौजूदगीमें कप्तानी संभाल रहीं स्मृति मंधाना के लिए मुकाबले की शुरुआत बेहद खराब रही। इंग्लैंड की ओर से लॉरेन बेल ने शुरुआती झटके देकर भारत को दबाव में ला दिया। लेकिन रोड्रिग्स और यास्तिका ने इसके बाद शानदार पलटवार किया।

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर भारतीय टीम की कार्यवाहक कप्तान स्मृति मंधाना पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना आउट हो गई, जबकि उनकी सलामी जोड़ीदार शेफाली वर्मा भी महज दो रन बनाकर पवेलियन लौटी।

जेमिमा की 40 गेंदों में 69 रन की तेजतर्रार पारी में 10 चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं दो साल बाद टी20 टीम में वापसी कर रहीं यास्तिका ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 40 गेंदों पर 54 रन की पारी के दौरान नौ चौके और एक छक्का लगाया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए महज 76 गेंदों में 126 रन की साझेदारी कर भारतीय पारी को मजबूती दी।

पदार्पण कर रहीं 24 वर्षीय तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया। उन्होंने 16वें ओवर में एमी जोन्स को आउट करने के बाद अगली ही गेंद पर डैनी गिब्सन को पवेलियन भेज दिया। उन्होंने इसके बाद वोंग (चार) को भी चलता किया।

क्रांति गौड़ ने दो विकेट झटके, जबकि श्री चरणी और दीप्ति शर्मा ने एक-एक विकेट लेकर इंग्लैंड पर जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।