Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

ICC Ratings: चेन्नई की पिच बेस्ट तो कानपुर की आउटफील्ड वर्स्ट

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बांग्लादेश के खिलाफ भारत के टेस्ट मैच के लिए इस्तेमाल की गई चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम की पिच को ‘बहुत अच्छा’ माना है जबकि सत्र के दौरान इस्तेमाल किए गए अन्य चार घरेलू केंद्रों को ‘संतोषजनक’ माना गया है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ इस्तेमाल किए गए सभी तीन टेस्ट स्थल - बेंगलुरू का चिन्नास्वामी स्टेडियम, पुणे के गहुंजे में महाराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम और मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम को आईसीसी मैच रेफरी से ‘संतोषजनक’ रेटिंग मिली।

हालांकि कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम के आउटफील्ड को आईसीसी मैच रेफरी जेफ क्रो ने ‘असंतोषजनक’ रेटिंग दी है। सरकारी स्वामित्व वाले स्टेडियम की खराब जल निकासी प्रणाली के कारण बांग्लादेश के खिलाफ केवल दो पूरे दिन का खेल हो सका और पिच को ‘संतोषजनक’ रेटिंग दिए जाने के बावजूद आउटफील्ड न्यूजीलैंड के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर की नाराजगी से नहीं बच पाई।

बांग्लादेश के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए इस्तेमाल किए गए ग्वालियर, दिल्ली और हैदराबाद की बड़े स्कोर वाली पिचों को ‘बहुत अच्छी’ रेटिंग मिली है क्योंकि वे सबसे छोटे फॉर्मेट की जरूरतों के मुताबिक थे।

हालांकि भारतीय टीम प्रबंधन, बीसीसीआई और स्थानीय क्यूरेटर ये जानकर बहुत खुश नहीं होंगे कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड बून ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इस्तेमाल की गई किसी भी टेस्ट मैच की पिच को ‘संतोषजनक’ से बेहतर रेटिंग नहीं दी।

चिन्नास्वामी की पिच में बहुत ज्यादा नमी थी जिसके कारण भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ 46 रन पर ऑल आउट हो गया जबकि पुणे और मुंबई दोनों ही विकेट पूरी तरह से स्पिन के अनुकूल थे जो ‘अच्छे टेस्ट’ मैच विकेट के लिए निर्धारित मानदंडों का सख्ती से पालन नहीं करते थे। लेकिन दोनों टीमों के खिलाड़ियों के अच्छे व्यक्तिगत बल्लेबाजी प्रदर्शन के कारण दोनों विकेट को संतोषजनक रेटिंग मिली।