Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

BGT: कप्तान रोहित शर्मा का फ्लॉप शो जारी, ब्रिसबेन टेस्ट की पहली पारी में 10 रन पर आउट

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ निराशाजनक प्रदर्शन ब्रिसबेन के गाबा ग्राउंड पर खेले जा रहे सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन भी जारी रहा। वे सिर्फ 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

कप्तान रोहित पैट कमिंस की बेहतरीन तेज गेंदों के सामने जूझते दिखे। कमिंस ने उन्हें टेस्ट की 12 पारियों में छठी बार आउट किया। 24वें ओवर में कमिंस की शॉर्ट गेंद ने भारतीय कप्तान को परेशान कर दिया और अगली गेंद पर रोहित शर्मा आउट हो गए।

रोहित एडिलेड में हुए दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम के साथ जुड़े थे। वे छह साल बाद पारी की शुरूआत करने के बजाय छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे।हालांकि वे अपनी छाप मैदान पर नहीं छोड़ सके। एडिलेड में खेले गए डे-नाइट टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 23 गेंदों पर तीन रन बनाए जबकि दूसरी पारी में वे 26 गेंदों पर नौ रन ही बना सके।

ब्रिसबेन टेस्ट के तीसरे दिन रोहित शर्मा पहली पारी में उस वक्त बल्लेबाजी करने उतरे जब भारतीय टीम ने चार विकेट सिर्फ 44 रन पर ही गंवा दिए थे। हालांकि बार-बार बारिश के खलल की वजह से रोहित शर्मा को अपनी लय पाने का मौका नहीं मिला। चौथे दिन रोहित 10 गेंदों का सामना करने के बाद ही अपना खाता खोल पाए।

भारतीय कप्तान के लिए 2024 में टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन भुलाने वाला रहा है। वे अब तक 24 टेस्ट पारियों में 26.39 के औसत से सिर्फ 607 रन ही बना पाए हैं।