भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा के लिए 2024 का साल खास रहा। इस साल उन्होंने कई खास जीत और उपलब्धियां हासिल कीं। वे 90 मीटर दूर भाला फेंकने के अपने लक्ष्य के करीब भी पहुंचे। स्टार एथलीट ने 2024 का समापन नए साल 2025 के लिए नई उम्मीदें जगाते हुए किया। अगस्त 2024 में हुए पेरिस ओलंपिक खेलों में नीरज चोपड़ा 90 मीटर का जादुई आंकड़ा पार नहीं कर पाए और सोना भी उनसे रूठ गया। हालांकि इसके बावजूद वे इस साल भारतीय एथलेटिक्स के निर्विवाद नायक बने रहे। वहीं बाकी हमवतन एथलीट ट्रैक और फील्ड के मुकाबलों में कहीं पीछे छूट गए।
26 साल के भाला फेंक सुपरस्टार नीरज अपना ओलंपिक स्वर्ण पदक बचाने में नाकाम रहे, लेकिन पेरिस खेलों में रजत पदक जीतने के साथ ही वे व्यक्तिगत खेलों में सबसे कामयाब भारतीय एथलीट बन गए। नीरज को उम्मीद है कि भारत में खेल लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बनेगा और जल्द ही दुनिया में इसकी पहचान एक खेल प्रधान देश के तौर पर होगी। वे भारतीय खेल की दुनिया की तस्वीर बदलने की आस लगाए हैं। नीरज चोपड़ा ने पूरे साल मैदान पर खेल के दौरान सीखे सबक को याद किया। साथ ही उन्होंने खुद को बेहतर बनाने, नाकामी से उबरने और मजबूत मानसिकता बनाए रखने की अहमियत पर जोर दिया।
पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीतने के बाद, हरियाणा के पानीपत इस खिलाड़ी ने डायमंड लीग के लिए कमर कस ली। नीरज चोपड़ा ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए 89.49 मीटर के सीजन के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। ये उनके करियर का दूसरा सर्वश्रेष्ठ थ्रो था। ये पूरे सीजन में लगातार बेहतरीन अंदाज में भाला फेंकने की उनकी काबिलियत को बयां करने के लिए काफी है। वहीं इस साल जून में फिनलैंड में हुए पावो नूरमी गेम्स में भी नीरज चोपड़ा का दबदबा देखने को मिला। ओलंपिक से पहले फिटनेस से जुड़ी तमाम आशंकाओं और चिंताओं को दरकिनार करते हुए नीरज ने 85.97 मीटर के बेहतरीन थ्रो के साथ पहली पोजीशन हासिल की।
इससे पहले मई 2024 में नीरज लंबे अरसे बाद भारतीय जमीन पर घरेलू मुकाबलों में शिरकत करते दिखे। उन्होंने ओलंपिक में सुनहरी जीत के बाद पहली बार फेडरेशन कप में हिस्सा लिया। नीरज ने मुकाबले में 82.27 मीटर भाला फेंककर न सिर्फ स्वर्ण पदक जीता बल्कि अपनी छाप भी छोड़ी। कुल मिलाकर 2024 भाला फेंक स्टार नीरज चोपड़ा के लिए एक और यादगार साल रहा। इसनेे दुनिया के दिग्गज भाला फेंक खिलाड़ियों के बीच उनकी पोजीशन को मजबूत किया। ऐसे में यकीनन वे भारत के सर्वश्रेष्ठ ट्रैक और फील्ड एथलीट के रूप में जाने जाएंगे।
नीरज नए साल 2025 की शुरूआत नई उम्मीदों के साथ करेंगे। उनके इस सफर में सबसे दूर भाला फेंकने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम रखने वाले जैन जेलेजनी नए कोच के तौर पर साथ होंगे। 2025 में नीरज का लक्ष्य 90 मीटर भाला फेंकने के जादुई आंकड़े को पार करना और दुनिया भर में होने वाले मुकाबलों के लिए बेहतरीन फिटनेस बनाए रखना है।
दिग्गज भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा के लिए सुनहरा और नई उम्मीदें जगाने वाला साल
You may also like
हाइलो ओपन: पीवी सिंधू और लक्ष्य सेन फाइनल में पहुंचे, अनमोल खरब और फ्रांस के पोपोव को दी शिकस्त.
एशियन पैरा गेम्स-2026 में सिमरन ने जीते दो स्वर्ण, योगी सरकार ने उपलब्धि पर जताया गर्व.
Asian Para Games 2026: भारतीय पैरालंपिक चैंपियन हरविंदर सिंह और विजय सुंडी को पैरा रिकर्व पुरूष युगल तीरंदाजी में स्वर्ण.
Asian Para Games 2026: हानी और संदीप ने विश्व रिकॉर्ड के साथ जीता स्वर्ण.