Breaking News

प्रयागराज में कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा नदी में डुबकी     |   महाराष्ट्र में अज्ञात व्यक्ति ने दुरंतो एक्सप्रेस के A2 कोच पर पत्थर फेंके     |   दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर के आसपास AQI 201 दर्ज     |   काशी में मनाई जाएगी देव दीपावली, गंगा घाट 11 लाख दीयों से जगमगाएंगे     |   कांग्रेस और सपा के बीच सीट शेयरिंग पर होगी दूसरे दौर की वार्ता     |  

पीएम मोदी ने कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर देशवासियों को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और सकारात्मकता की कामना की। उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व निःस्वार्थ सेवा, श्रद्धा और दान-पुण्य की भारतीय परंपरा का प्रतीक है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली का पर्व लोगों को सेवा और समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि पवित्र स्नान, दान-पुण्य और दीपदान की परंपराएं हर व्यक्ति के जीवन में आस्था और विश्वास को मजबूत करें।

इस पावन अवसर पर देशभर के प्रमुख धार्मिक स्थलों और नदी घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही भक्तों ने पवित्र नदियों में स्नान कर पूजा-अर्चना की और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। उत्तर प्रदेश के हापुड़ स्थित ब्रजघाट पर भी भक्तों ने गंगा में डुबकी लगाई। अयोध्या में सरयू नदी के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही, जबकि हरिद्वार की हर की पौड़ी पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने पवित्र स्नान किया।

पंडित यश कुमार शर्मा ने कार्तिक पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कार्तिक मास को हिंदू धर्म में अत्यंत पवित्र माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन पवित्र नदी में स्नान करने से आत्मा की शुद्धि होती है। उन्होंने कहा कि यह महीना भगवान विष्णु और भगवान शिव को समर्पित है तथा देश के अलग-अलग हिस्सों से लाखों श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचते हैं।

ओडिशा के पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर के बाहर भी भक्तों का सैलाब उमड़ा। यहां देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के भव्य स्वर्ण वेश के दर्शन किए। हरियाणा के यमुनानगर स्थित कपाल मोचन सरोवर में भी कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक देव जयंती के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से आए भक्तों ने पवित्र सरोवर में स्नान किया और कपाल मोचन मेले में हिस्सा लिया।

काशी विश्वनाथ मंदिर में दीपों से सजा बाबा का दरबार

वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में कार्तिक मास के उपलक्ष्य में बाबा विश्वनाथ का विशेष दीपमाला श्रृंगार किया जा रहा है। मंदिर प्रशासन के मुताबिक, 26 अक्टूबर से कार्तिक पूर्णिमा तक प्रत्येक दिन सप्तऋषि आरती के दौरान यह विशेष सजावट की गई। दीपों से सजे बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। मंदिर प्रशासन की इस पहल ने कार्तिक मास के धार्मिक आयोजनों की भव्यता को और बढ़ाया। प्रतिदिन होने वाली सप्तऋषि आरती के दौरान दीपमाला श्रृंगार से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

कार्तिक पूर्णिमा क्यों है खास?

हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा कार्तिक मास की पूर्णिमा तिथि को मनाई जाती है। धार्मिक दृष्टि से इसे वर्ष के सबसे शुभ दिनों में गिना जाता है। इस दिन का संबंध भगवान कार्तिकेय से भी माना जाता है, जो भगवान शिव और माता पार्वती के पुत्र हैं।

इस अवसर पर देशभर में मंदिरों को दीपों से सजाया जाता है और श्रद्धालु पूजा-पाठ, दान-पुण्य तथा भजन-कीर्तन करते हैं। कई स्थानों पर धार्मिक मेले भी आयोजित किए जाते हैं। नदियों और सरोवरों में दीपदान के साथ छोटी-छोटी दीपों से सजी नौकाएं प्रवाहित करने की परंपरा भी निभाई जाती है। रोशनी से जगमगाते घाट और जल में तैरते दीप इस पर्व की आध्यात्मिक छटा को और खास बना देते हैं।