Breaking News

नेपाल में 4,250 लोग अब भी लापता, छठे दिन भी तलाश जारी     |   सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस: शामली में पीड़ित परिवार से मिले जयंत चौधरी     |   UP: सीएम योगी ने हापुड़ हादसे का संज्ञान लिया, घायलों के तुरंत इलाज के निर्देश दिए     |   जोमैटो ने एनालॉग डिशेज की बिक्री पर ज़ीरो-टॉलरेंस पॉलिसी की घोषणा की     |   अमेरिका ने होर्मुज में माइन थ्रेट के बीच ईरान के लारक द्वीप पर हमला किया     |  

चार धाम यात्रा से पहले एलपीजी की किल्लत ने बढ़ाई चिंता, 19 अप्रैल से होनी है शुरुआत

Uttarakhand: उत्तराखंड में सालाना चार धाम यात्रा की तैयारियां जारी हैं। हालांकि ईरान संघर्ष की वजह से दिख रहा एलपीजी संकट व्यापारियों की चिंता बढ़ा रहा है। चार धाम तीर्थयात्रा राज्य की पर्यटन अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में व्यापारियों का कहना है कि पश्चिम एशिया में युद्ध की वजह से एलपीजी आपूर्ति में किसी भी तरह की रुकावट से हजारों तीर्थयात्रियों की जरूरतों को पूरा करना उनके लिए मुश्किल हो सकता है।

कारोबारियों का कहना है कि एलपीजी की किल्लत की वजह से कई लोगों को खाना पकाने के लिए लकड़ी का इस्तेमाल करने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है, जो पर्यावरण के लिए अच्छा नहीं होगा। उत्तराखंड के अधिकारियों का दावा है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। हालांकि, राज्य सरकार ने आने वाले समय के लिए योजना बनाना शुरू कर दिया है ताकि लोगों को दिक्कत न हो। कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए, जलाऊ लकड़ी की आपूर्ति उत्तराखंड वन विकास निगम के माध्यम से की जा सकती है।

उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था पर्यटन और तीर्थयात्रा पर आधारित है। ऐसे में राज्य के व्यापारी उम्मीद कर रहे हैं कि एलपीजी संकट टल जाएगा और उनकी चिंताएं दूर हो जाएंगी। इस साल चारधाम यात्रा 19 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री के कपाट खुलने के साथ शुरू होगी। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे।