उत्तर प्रदेश में करीब 7 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन्वेस्टमेंट जीबीसी 5.0 को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं और सभी जिलों में इसकी तैयारियां शुरू करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश प्रस्तावों को तेजी से क्रियान्वित करने के लिए जिला स्तर पर बेहतर समन्वय और निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निवेशकों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रदेश में उद्योग और रोजगार के नए अवसर तेजी से विकसित हो सकें।
सीएम योगी ने विशेष रूप से डिफेंस कॉरिडोर परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके लिए भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर देना होगा। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में निवेश बढ़ने से प्रदेश को आर्थिक और औद्योगिक मजबूती मिलेगी। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि सिंगापुर और जापान बिजनेस मिशन की यात्रा आगामी अगस्त में प्रस्तावित है। सरकार का उद्देश्य विदेशी निवेश आकर्षित करना और उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लीड्स 2025 रैंकिंग में उत्तर प्रदेश को मिले ‘एग्जेम्प्लर अवॉर्ड’ पर अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान प्रदेश की बेहतर औद्योगिक नीति, निवेश माहौल और प्रशासनिक सुधारों का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से इसी गति और प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रखने की अपील की।