ऑफिस एक ऐसी जगह है जहां हर तरह के लोग एक साथ आकर काम करते हैं। ऐसे में ऑफिस में राजनीति होना एक आम बात है। कई बार ये ऑफिस की राजनीति हमारे मानसिक स्वास्थ पर भारी असर डालती है। जिसकी वजह से अक्सर हमारा काम में मन नहीं लगता या मूड चिड़चिड़ा रहने लगता है। ऐसे में जरूरी है कि आप ऑफिस में होने वाली राजनीति से बचें। तो आइए आपको ऑफिस की राजनीति से बचने के लिए कुछ तरीके बताते हैं, जो काफी मददगार साबित हो सकते हैं।
माहौल को समझें
आप जहां पर काम करते हैं वहां के माहौल को देखें और समझें और उन लोगों की पहचान करना सीखें जो सबसे ज्यादा राजनीति करते हैं। ऐसे में इन लोगों के बारे में जानकर जागरुक रहें और उनसे निपटने के लिए तैयार रहें।
शांति से डील करें
ऐसे लोगों से बेहद शांत होकर डील करना चाहिए, जो गलत बातें और अफवाह फैलाते हैं। उन लोगों पर गुस्सा करके कोई फायदा नहीं। उनसे सीधे तरीके से बात करना चाहिए। उन्हें बताएं कि आप उनकी हरकतों के बारे में जानते हैं और उन्हें इस तरह से गलत सूचना फैलाने के लिए मना करें। लेकिन, वे हर बात को सुनने से मना करेंगे और आपको परेशान करने की कोशिश करेंगे। कई बार थोड़ा ही बोलने पर उनके ऐसे व्यवहार को रोका जा सकता है।
सतर्क रहें
कई बार ऐसा भी हो सकता है कि राजनीति खेलने वाले लोग आपके प्रति बॉस को गलत बातें बताएं, जिसकी वजह से आपकी छवि बॉस के नजरों में अच्छी नहीं रहेगी। ऐसे में आपको सावधान रहना चाहिए।
बॉस को बताएं
वर्कप्लेस पर होने वाली घटनाओं के बारे में अपने बॉस को सूचित करें। ऐसा करने से कई बार मदद मिलती है, खासकर तब, जब राजनीति खेलने वाले आपके प्रति कुछ अफवाह फैला रहे हो।