Breaking News

बारामूला के पट्टन में मस्जिद में भीषण आग, पूरी इमारत जलकर राख     |   बिरसा मुंडा जयंती पर PM मोदी ने किया नमन, जनजातीय गौरव दिवस की दी शुभकामनाएं     |   दिल्ली में एयर प्यूरीफायर की मांग 5 गुना बढ़ी, GST कटौती के लिए CTI ने वित्त मंत्री को लिखी चिट्ठी     |   अमेरिका में सस्ता हुआ डीजल, दो महीने बाद 6 डॉलर प्रति गैलन से नीचे आई कीमत     |   हमास को बड़ा झटका, इजरायली हमले में सैन्य कमांडर समीर अबू यूनिस ढेर     |  

योगी सरकार में 76 हजार से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी, रोजाना 13 लाख लीटर दूध का संग्रह

उत्तर प्रदेश के गांवों में महिलाएं अब दुग्ध कारोबार की कमान संभालकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताकत दे रही हैं। योगी सरकार के उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत चार लाख से अधिक महिलाएं डेयरी कारोबार से जुड़ी हैं। प्रदेश के 31 जिलों में महिला नेतृत्व वाले इस मॉडल के जरिए रोजाना 13 लाख लीटर से अधिक दूध का संग्रह किया जा रहा है। इसकी मदद से 76 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

इस पहल से महिलाएं केवल दूध उत्पादन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दूध संग्रह, गुणवत्ता जांच, बिक्री और भुगतान तक की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं। सरकार की कोशिश है कि ग्रामीण महिलाओं को बिचौलियों से मुक्ति दिलाकर सीधे बाजार से जोड़ा जाए, ताकि उन्हें अपने दूध की सही कीमत मिल सके।

गांव में रहकर महिलाएं संभाल रहीं दुग्ध कारोबार

ग्रामीण इलाकों में पशुपालन लंबे समय से परिवारों की आमदनी का बड़ा जरिया रहा है। पशुओं की देखभाल और दूध उत्पादन में महिलाओं की अहम भूमिका होती है, लेकिन पहले दूध की बिक्री, कीमत तय करने और हिसाब-किताब में उनकी भागीदारी सीमित रहती थी।

अब महिला दुग्ध उत्पादक समूहों और कंपनियों के माध्यम से महिलाएं खुद कारोबार संभाल रही हैं। इस मॉडल से उन्हें गांव में ही दूध बेचने के लिए नियमित बाजार मिल रहा है। दूध संग्रह केंद्रों पर उसकी मात्रा और गुणवत्ता का रिकॉर्ड डिजिटल तरीके से दर्ज किया जाता है। इससे महिलाओं को पता रहता है कि उन्होंने कितना दूध दिया, उसमें फैट की मात्रा कितनी है और उन्हें कितना भुगतान मिलेगा।

बिचौलियों से मुक्ति, डिजिटल तरीके से हो रहा भुगतान

योगी सरकार की इस पहल में मोबाइल ऐप और डिजिटल मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। दूध की मात्रा और फैट की जांच मशीनों से होती है और पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज किया जाता है। इससे दूध की कीमत को लेकर होने वाली गड़बड़ी और असमंजस कम करने में मदद मिल रही है।

पहले ग्रामीण पशुपालकों को दूध बेचने के लिए स्थानीय खरीदारों पर निर्भर रहना पड़ता था। नई व्यवस्था में गुणवत्ता जांच से लेकर भुगतान तक की जानकारी डिजिटल रूप में उपलब्ध है। इससे महिलाओं को अपनी आमदनी और कारोबार का पूरा हिसाब रखने में आसानी हो रही है।

76 हजार से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार के अनुसार, महिला नेतृत्व वाले दुग्ध मॉडल का असर महिलाओं की आर्थिक स्थिति पर दिखाई दे रहा है। प्रदेश में इस मॉडल से जुड़कर 76 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

यह डेयरी मॉडल महिलाओं के लिए अतिरिक्त कमाई का जरिया भर नहीं, बल्कि नियमित आजीविका का साधन बन रहा है। दूध कारोबार से होने वाली आमदनी से महिलाएं परिवार के खर्च, बच्चों की पढ़ाई और दूसरी जरूरतों में आर्थिक योगदान दे रही हैं।

डिजिटल तकनीक से महिलाओं के हाथ में आया कारोबार का हिसाब

मोबाइल और डिजिटल तकनीक ने ग्रामीण महिला पशुपालकों के लिए दुग्ध कारोबार को आसान बनाया है। अब दूध संग्रह से लेकर भुगतान तक की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध रहती है। इससे महिलाओं को अपने रोजाना के कारोबार का रिकॉर्ड रखने के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत विकसित यह नेटवर्क महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी भी बढ़ा रहा है। 31 जिलों में चल रहा महिला नेतृत्व वाला यह डेयरी मॉडल ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरा है।