Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

इजराइल-हमास युद्ध में अब तक मारे गए 70,000 से ज्यादा फिलिस्तीन, गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी जानकारी

Gaza: इजराइल-हमास युद्ध शुरू होने के बाद से फिलिस्तीनी मृतकों की संख्या बढ़कर 70,000 से अधिक हो गई है। ये जानकारी गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को दी। वहीं एक अस्पताल ने कहा कि इजराइली गोलीबारी में क्षेत्र के दक्षिण में दो फिलिस्तीनी बच्चे मारे गए। दस अक्टूबर को नवीनतम युद्धविराम लागू होने के बाद से मृतकों की संख्या में वृद्धि जारी है।

इजराइल अब भी युद्धविराम के कथित उल्लंघन के जवाब में हमले कर रहा है और उन लोगों के शव मलबे से बरामद किए जा रहे हैं जो युद्ध के शुरुआती दौर में मारे गए थे। स्वास्थ्य मंत्रालय हमास द्वारा संचालित सरकार के अधीन कार्य करता है। इसमें चिकित्सा पेशेवर कार्यरत हैं और ये विस्तृत रिकॉर्ड रखता है जिसे अंतरराष्ट्रीय समुदाय आमतौर पर विश्वसनीय मानता है।

मंत्रालय के अनुसार, अब तक 70,100 फलस्तीनी मारे गए हैं। युद्ध की शुरुआत सात अक्टूबर, 2023 को दक्षिणी इजराइल पर हमास के नेतृत्व वाले हमले से हुई, जिसमें लगभग 1,200 लोग मारे गए और चरमपंथियों ने 250 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया। युद्धविराम या अन्य समझौतों के तहत लगभग सभी बंधकों या उनके अवशेषों को वापस कर दिया गया है।

बच्चों के शव दक्षिणी गाजा में नासिर अस्पताल लाये गए। अस्पताल के कर्मचारियों ने बताया कि 8 और 11 वर्ष की आयु के दोनों भाइयों की मृत्यु उस समय हुई जब बेनी सुहैला कस्बे में विस्थापित लोगों को आश्रय देने वाले एक स्कूल के निकट एक इजराइली ड्रोन ने हमला किया।

इजराइली सेना ने कहा कि उसने दो लोगों को मार गिराया जो इजराइली नियंत्रण वाले इलाके में घुस आए थे। इजराइली सेना ने कहा कि वे ‘‘संदिग्ध गतिविधियों’’ में लिप्त थे और सैनिकों के पास पहुंच गए थे। बयान में बच्चों का जिक्र नहीं था। इजराइली सेना ने कहा कि उसने दक्षिण में एक अलग लेकिन ऐसी ही घटना में एक और व्यक्ति को मार गिराया।