Breaking News

योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया: अमित शाह     |   यूपी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 2-3 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान: IMD     |   पीएम मोदी पीएम-किसान योजना के तहत 18,680 करोड़ रुपये करेंगे जारी     |   उत्तराखंड के कई जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी     |   दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में बारिश     |  

दीपावली-छठ पर योगी सरकार का तोहफा, 6 से 17 नवंबर तक चलेंगी अतिरिक्त रोडवेज बसें

दीपावली और छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों को राहत देने के लिए योगी सरकार ने विशेष बस संचालन की तैयारी की है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) 6 नवंबर से 17 नवंबर तक अतिरिक्त रोडवेज बसें चलाएगा। खासतौर पर दिल्ली, गाजियाबाद और दूसरे महानगरों से पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों के लिए बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर परिवहन निगम ने त्योहारों के दौरान सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है। छठ के मौके पर दिल्ली, गाजियाबाद और अन्य शहरों से बड़ी संख्या में लोग पूर्वांचल स्थित अपने घर लौटते हैं। इसे देखते हुए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए पर्याप्त बसें चलाने के निर्देश दिए हैं।

लखनऊ और कानपुर के लिए भी अतिरिक्त बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश से दिल्ली, गाजियाबाद और पश्चिमी क्षेत्रों की ओर यात्रियों की संख्या बढ़ने पर वहां से भी अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। किसी रूट पर 60 प्रतिशत से अधिक यात्री मिलने पर अतिरिक्त बस सेवा शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली से गोरखपुर, वाराणसी और अयोध्या के लिए बढ़ेंगी बसें

त्योहारों के दौरान दिल्ली से लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या और कानपुर के लिए अतिरिक्त बसें संचालित होंगी। इसके अलावा गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, बरेली, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ और इटावा के लिए भी बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

क्षेत्रीय प्रबंधक यात्रियों की मांग के अनुसार बसों की संख्या घटा या बढ़ा सकेंगे। भैयादूज पर स्थानीय और आसपास के जिलों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए विशेष व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सभी बसों को सड़क पर उतारने की तैयारी

परिवहन मंत्री ने प्रोत्साहन अवधि के दौरान निगम की सभी बसों को शत-प्रतिशत सड़क पर उतारने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए बसों की मरम्मत, जरूरी कलपुर्जों और अन्य संसाधनों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित की जाएगी।

हालांकि, अनफिट बसों को किसी भी हालत में नहीं चलाया जाएगा। अनुबंधित बसों के मालिकों को भी समय रहते मरम्मत कराने और बसें संचालन के लिए उपलब्ध रखने को कहा गया है। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर इस अवधि में अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां भी स्वीकृत नहीं की जाएंगी। सभी की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई जाएगी।

चालक-परिचालकों को रोजाना 400 रुपये प्रोत्साहन

त्योहारों में बेहतर बस संचालन के लिए परिवहन निगम चालक और परिचालकों को प्रोत्साहन राशि देगा। निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह के मुताबिक, संविदा और आउटसोर्सिंग सहित पात्र चालक-परिचालकों को तय मानक पूरे करने पर 400 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे।

इसके लिए कम से कम 11 दिन ड्यूटी करना और प्रतिदिन औसतन 300 किलोमीटर बस चलाना जरूरी होगा। 11 दिन मानक पूरा करने पर 4,400 रुपये और पूरे 12 दिन ड्यूटी करने पर 4,800 रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि मिलेगी। संविदा और आउटसोर्सिंग से जुड़े चालक-परिचालकों को तय किलोमीटर से अधिक बस चलाने पर अतिरिक्त दूरी के लिए 55 पैसे प्रति किलोमीटर का भुगतान भी किया जाएगा।

इलेक्ट्रिक बस चलाने पर अतिरिक्त लाभ

परिवहन निगम इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को भी बढ़ावा दे रहा है। प्रोत्साहन अवधि में नियमित और संविदा चालक यदि कम से कम 11 दिन इलेक्ट्रिक बस चलाते हैं और कुल 3,300 किलोमीटर का संचालन पूरा करते हैं, तो उन्हें तय प्रोत्साहन राशि के अलावा करीब 1,000 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे।

कार्यशाला कर्मचारियों को भी मिलेगा बोनस

बसों की मरम्मत और रखरखाव में लगे कार्यशाला कर्मचारियों के लिए भी प्रोत्साहन राशि तय की गई है। लगातार 12 दिन ड्यूटी करने वाले पात्र कर्मचारियों को 2,500 रुपये और 11 दिन काम करने वालों को 2,100 रुपये एकमुश्त दिए जाएंगे। इसमें निगम से जुड़े आउटसोर्स कर्मचारी भी शामिल होंगे।

इसके अलावा क्षेत्रीय प्रबंधकों को 10,000 रुपये और सेवा प्रबंधकों को 5,000 रुपये दिए जाएंगे। यह राशि क्षेत्रीय समिति की संस्तुति पर बेहतर काम करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को मिलेगी।

नशे में बस चलाने पर रोक, ब्रेथ एनालाइजर से होगी जांच

यात्रियों की सुरक्षा के लिए परिवहन मंत्री ने प्रवर्तन दलों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। सभी बस चालकों और परिचालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराई जाएगी, ताकि नशे की हालत में कोई चालक बस न चला सके। क्षेत्रीय स्तर पर भी लगातार जांच की जाएगी।

प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह ने कहा कि परिवहन मंत्री के निर्देशों का पूरी तरह पालन कराया जाएगा। सभी क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बसों और बस अड्डों पर साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर रखने को भी कहा गया है।