Breaking News

दिल्ली दंगे: उमर खालिद की जमानत याचिका फिर खारिज     |   हावड़ा-रक्सौल मिथिला एक्सप्रेस के जनरल कोच में उठा धुआं, मची अफरा-तफरी     |   केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने Re-NEET की तैयारियों पर समीक्षा बैठक की     |   विधायक रविंद्र भाटी ने खुद को आग लगाने की कोशिश की     |   दिल्ली में प्रदूषण लेवल 208 के पार पहुंचा, ग्रेप 1 लागू     |  

न्यूयॉर्क: हडसन नदी में हेलीकॉप्टर क्रैश, छह लोगों की मौत

अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में 10 अप्रैल को एक टूरिस्ट हेलीकॉप्टर हडसन नदी में गिर गया. इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में तीन बच्चे भी थे. हादसे में मारे गए लोग स्पेन के एक ही परिवार से थे और उनके साथ हेलीकॉप्टर का पायलट भी था. हादसे के बाद दो लोगों को अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन बाद में उनकी भी मौत हो गई. अधिकारियों ने अब तक मरने वालों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं, लेकिन न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक हेलीकॉप्टर में स्पेन में सीमेंस कंपनी के अध्यक्ष और सीईओ अगस्टिन एस्कोबार, उनकी पत्नी और उनके तीन बच्चे सवार थे. मेयर एरिक एडम्स ने कहा, 'फिलहाल सभी छह लोगों को पानी से बाहर निकाल लिया गया है और अफसोस की बात है कि सभी की मौत हो चुकी है." उन्होंने आगे कहा कि यह एक बहुत ही दुखद और दिल तोड़ देने वाला हादसा था.

हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "हडसन नदी में एक भयानक हेलीकॉप्टर हादसा हुआ है. ऐसा लग रहा है कि पायलट, दो बड़े और तीन बच्चे समेत छह लोग अब हमारे बीच नहीं रहे. हादसे का वीडियो बहुत डरावना है." ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ' पर लिखा, "भगवान पीड़ितों के परिवारों और दोस्तों को ताकत दें. परिवहन सचिव सीन डफी और उनकी टीम इस मामले की जांच में जुटी है. जल्द ही बताया जाएगा कि यह हादसा कैसे और क्यों हुआ."

न्यूयॉर्क पुलिस कमिश्नर जेसिका टिश के मुताबिक, यह बेल 206 हेलीकॉप्टर न्यूयॉर्क हेलीकॉप्टर टूर्स कंपनी का था. यह हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 3 बजे शहर के एक हेलीकॉप्टर पैड से उड़ान भरकर हडसन नदी के ऊपर उत्तर दिशा की ओर गया. टिश ने बताया कि जब हेलीकॉप्टर जॉर्ज वॉशिंगटन ब्रिज के पास पहुंचा तो वह दक्षिण की ओर मुड़ गया और कुछ ही मिनटों बाद हादसे का शिकार हो गया. करीब 3:15 बजे यह लोअर मैनहट्टन के पास उल्टा होकर नदी में गिर गया. सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में देखा गया कि एक बड़ी चीज़ नदी में गिर रही है और उसके कुछ ही सेकंड बाद हेलीकॉप्टर का ब्लेड जैसा कुछ नजर आता है. इसके तुरंत बाद आपातकालीन सेवाओं और पुलिस की नावें तेजी से उस इलाके में पहुंच गईं और पानी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया.