Breaking News

सिक्किम टनल लैंडस्लाइड में अबतक 9 शव बरामद     |   NEET एग्जाम लीक पर बोले पीएम मोदी, NDA संसदीय दल की बैठक में कहा- जिम्मेदार लोगों पर लिया सख्त एक्शन     |   यूक्रेन के पास मिसाइल हमले में 4 भारतीयों की मौत से भारत नाराज, रूसी राजदूत तलब     |   किसानों को रोकने के लिए बनाई गई 'पत्थरों की दीवार', कुंडली बॉर्डर पर गरमाया माहौल     |   मॉनसून सत्र: राज्यसभा और लोकसभा में हंगामा, कार्यवाही दो बजे तक स्थगित     |  

मेक्सिको के सुपरमार्केट में धमाके के बाद लगी आग; कम से कम 23 लोगों की मौत

मेक्सिको के उत्तर-पश्चिमी राज्य सोनारा की राजधानी हर्मोसिल्लो में एक स्टोर में भीषण आग और विस्फोट की घटना हुई, जिसमें कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई, जिनमें कई बच्चे भी शामिल हैं, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह हादसा शहर के डाउनटाउन इलाके में स्थित वाल्डोज स्टोर में हुआ। सोनारा के गवर्नर अल्फोंसो दुराजो ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए एक वीडियो में इस घटना की पुष्टि की और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

राज्य के अटॉर्नी जनरल गुस्तावो सालास चावेज ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि मौतें विषाक्त गैसों के सांस द्वारा सेवन के कारण हुई हैं। उन्होंने कहा फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है जिससे लगे कि आग जानबूझकर लगाई गई थी, हालांकि किसी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। घटना के बाद 12 घायलों को हर्मोसिल्लो के छह अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने एक्सपर पोस्ट कर कहा मेरी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं जिन्होंने इस भयावह हादसे में अपने प्रियजनों को खोया है। सरकार की राहत टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि स्टोर पूरी तरह आग की लपटों में घिरा हुआ था। एक वीडियो में एक झुलसे व्यक्ति को स्टोर के बाहर गिरते हुए देखा गया, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि दमकलकर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।