मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार बच्चों के बेहतर पोषण और स्वस्थ विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के तहत बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से राज्य स्तरीय पोषण पाठशाला का आयोजन किया गया।
‘मेरी कटोरी, मेरा पोषण’ संदेश के साथ आयोजित इस डिजिटल कार्यक्रम का लाइव वेबकास्ट एनआईसी के माध्यम से किया गया। प्रदेशभर में 1,03,467 डिवाइस के जरिए लोगों ने इसमें हिस्सा लिया। एक डिवाइस से एक से अधिक प्रतिभागियों के जुड़ने के कारण पोषण पाठशाला का संदेश करीब 4.5 लाख लाभार्थियों और प्रतिभागियों तक पहुंचा।
छह माह के बाद सही ऊपरी आहार पर जोर

पोषण पाठशाला का मुख्य उद्देश्य छह माह की आयु पूरी करने के बाद बच्चों को सही समय पर उचित और पौष्टिक ऊपरी आहार देने के प्रति अभिभावकों को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में अभिभावकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और समुदाय को बताया गया कि छह माह के बाद बच्चे के आहार में ऊपरी आहार शामिल करना उसके स्वस्थ विकास के लिए बेहद जरूरी है। इसके महत्व, आवश्यकता और बाल विकास में इसकी भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई।
यूट्यूब पर भी उपलब्ध होंगे पोषण के वीडियो

कार्यक्रम में ऊपरी आहार और बाल पोषण से जुड़े वीडियो जारी किए गए। इन सभी वीडियो को विभाग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी अपलोड किया गया है। इससे अभिभावक और आम लोग इन्हें आसानी से देख सकेंगे और पोषण से जुड़ी जरूरी जानकारी को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचा सकेंगे।
9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य बच्चों के बेहतर पोषण को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के जरिए यह संदेश दिया गया कि छह माह के बाद सही समय पर सही ऊपरी आहार बच्चों के स्वस्थ विकास की मजबूत नींव रखता है।
‘बच्चों के विकास के लिए सही ऊपरी आहार जरूरी’

अपर मुख्य सचिव, महिला कल्याण एवं बाल विकास लीना जौहरी ने कहा कि छह माह की आयु पूरी होने के बाद बच्चों को सही समय पर उचित और पौष्टिक ऊपरी आहार देना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि ‘मेरी कटोरी, मेरा पोषण’ संदेश के जरिए अभिभावकों और समुदाय को बाल पोषण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पोषण संबंधी सही जानकारी घर-घर तक पहुंचाकर बच्चों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपनिदेशक आईसीडीएस अनुपमा शांडिल्य, सुरेश कुमार पाल, यूनिसेफ के पोषण विशेषज्ञ डॉ. रवि नारायण परही, यूपी टीएसयू से डॉ. वंदना नायडू और डॉ. आनंद तथा पोषण अभियान के संयुक्त परियोजना समन्वयक अभिषेक दुबे समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।