Breaking News

देहरादून: कार के सामान की दुकान में लगी आग     |   मई में भारत की इंडस्ट्रियल ग्रोथ बढ़कर 5.1 प्रतिशत हुई, अप्रैल में 4.9 फीसदी थी     |   2021 बंगाल हिंसा-हत्या केस: CBI ने आरोपी खालिद उज जमान को अरेस्ट किया     |   राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 30 जून से 1 जुलाई तक आंध्र प्रदेश के दौरे पर रहेंगी     |   राजा रघुवंशी मर्डर केस में मेघायल हाई कोर्ट ने सोनम की जमानत बरकरार रखी     |  

दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंचा

पहाड़ों पर हो रही बारिश का असर अब दिल्ली में यमुना में भी दिखाई देने लगा है. भारी बारिश के चलते दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के पास पहुंच गया है. दिल्ली में यमुना का जलस्तर 204.5 मीटर खतरे का निशान माना जाता है जो रविवार को 204.14 मीटर के निशान तक पहुंचा. बता दें कि हरियाणा और उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते यमुना का जलस्तर बढ़ता जा रहा है.

दिल्ली में यमुना का उच्चतम जलस्तर जुलाई 2023 में 208.66 मीटर दर्ज किया गया था, जिसके कारण राजधानी के निचले इलाकों, जैसे यमुना बाजार, राजघाट और सिविल लाइंस, में बाढ़ आ गई थी. हथिनीकुंड बैराज का पानी नदी में आता है; और लगातार हो रही बारिश के कारण यमुना का जलस्तर बढ़ सकता है. अधिकारियों ने अगले 24-48 घंटों में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान पर पहुंचने की चेतावनी दी है. इस बीच प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को यमुना के किनारों के पास जाने से बचने की सलाह जारी की है.

उधर उत्तर प्रदेश के भी 12 जिलों में भारी बारिश के बाद बाढ़ आ गई है. गंगा और यमुना के बढ़ते जलस्तर के बीच उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी किया गया है. प्रयागराज में भी बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं. जहां गंगा और यमुना नदियों का पानी रिहायशी इलाकों में घुस गया है. निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है और उन्हें निकालकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है. वहीं वाराणसी में भी भारी बारिश के बाद गंगा का जलस्तर बढ़ गया है. शनिवार शाम को प्रयागराज के नैनी में यमुना का जलस्तर 85.06 मीटर तक पहुंच गया. जबकि फाफामऊ में गंगा का जलस्तर भी 84.96 मीटर दर्ज किया गया. शनिवार को प्रयागराज के निचले इलाकों में 15,000 से ज़्यादा घरों में बाढ़ का पानी घुस गया.