Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

पहाड़ों में बदला मौसम, हिमाचल-उत्तराखंड में बर्फबारी, IMD का ऑरेंज अलर्ट जारी

एक तरफ जहां देश के बड़े हिस्से में गर्मी का मौसम दस्तक दे रहा है, तो वहीं पहाड़ी राज्यों में मौसम में अचानक बदला-बदला दिख रहा है। ताजा बर्फबारी और बारिश ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर के कुछ हिस्सों में सर्दियों जैसे हालात फिर से लौटा दिए हैं। हिमाचल प्रदेश में ताजा बर्फबारी ने पूरे नजारे को बदल दिया है। इसने इलाके के लोगों, किसानों और पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी है।

मनाली के होटल व्यवसायी बेहद खुश हैं। उनका कहना है कि ताजा बर्फबारी से हिमाचल प्रदेश के पर्यटन उद्योग को रफ्तार मिलेगी। उनका मानना है कि मौसम का बदला मिजाज किसानों के लिए भी शुभ संकेत है क्योंकि खुश्क मौसम के लंबे दौर की वजह से किसानों की आजीविका खतरे में पड़ गई थी। उनके मुताबिक किसान अब मिट्टी में नमी की स्थिति बेहतर होने की उम्मीद कर सकते हैं।

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी जिलों में भारी बर्फबारी के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। साथ ही कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, ओलावृष्टि और तेज हवा चलने का भी अनुमान है। बारिश का यह दौर 21 मार्च तक जारी रहने की उम्मीद है। इस दौरान पूरे राज्य में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है। इस बीच, उत्तराखंड में लगातार बारिश और बर्फबारी की वजह से ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ गई है। बद्रीनाथ और दूसरे क्षेत्रों में बुधवार से रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है, जिसकी वजह से तापमान में भारी गिरावट आई है।