Lucknow: उत्तर प्रदेश में वंचित और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी सुविधाओं से जोड़ने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार के काम गिनाए। आज मुख्यमंत्री योगी ने ‘योगी की पाती’ के 50 से अधिक सप्ताह के सफर पर तैयार कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इसके साथ ही इस पहल से जुड़ी एक प्रदर्शनी का भी वर्चुअल उद्घाटन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का फायदा तभी सार्थक है, जब वह उन लोगों तक पहुंचे जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है। उन्होंने वनटांगिया, मुसहर और कोल समुदायों के उदाहरण देते हुए बताया कि पहले इन परिवारों के पास बुनियादी सुविधाएं तक नहीं थीं, लेकिन अब उन्हें जमीन, आवास और नागरिक अधिकारों से जोड़ा गया है।
लंबे समय तक अधिकारों से दूर रहे वनटांगिया परिवार

सीएम योगी ने बताया कि वनटांगिया समुदाय के लोगों का इतिहास जंगलों से जुड़ा है। करीब 120 साल पहले अंग्रेजों ने रेलवे के लिए जंगलों की कटाई कराई थी। बाद में जंगलों को फिर से तैयार करने के लिए कुछ परिवारों को वहां बसाया गया। इन लोगों को पेड़ लगाने और जंगलों की देखभाल करने की जिम्मेदारी दी गई थी।
हालांकि, समय के साथ इन परिवारों को ही सरकारी व्यवस्था से बाहर कर दिया गया। आजादी के बाद भी कई पीढ़ियों तक उनके पास पक्के घर, बिजली, पानी और राशन कार्ड जैसी सुविधाएं नहीं थीं। वे ग्राम प्रधान के चुनाव में भी हिस्सा नहीं ले पाते थे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2005-06 में महाराजगंज में वनटांगिया परिवारों का एक समूह अपनी मांगों को लेकर पैदल जा रहा था। उनसे बातचीत के बाद उनकी समस्याओं को समझा और उनकी मदद की। इसके बाद इस समुदाय को अधिकार दिलाने के लिए कानूनी स्तर पर भी प्रयास किए गए। योगी आदित्यनाथ के अनुसार, मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी सरकार ने इस दिशा में काम तेज किया और आज प्रदेश की 54 वनटांगिया बस्तियों के हजारों परिवारों को नागरिक अधिकार और बुनियादी सुविधाएं मिली हैं।
मुसहर परिवारों को जमीन और घर मिलने का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने मुसहर समाज की पुरानी स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि पहले कुशीनगर में भूख के कारण करीब एक दर्जन लोगों की मौत हुई थी। उस समय खाद्यान्न घोटाले का मामला भी सामने आया था। उन्होंने इस मुद्दे पर आवाज उठाई थी और तत्कालीन राज्यपाल को ज्ञापन दिया था।
उन्होंने कहा कि अब मुसहर समुदाय के परिवारों को जमीन के पट्टे दिए जा रहे हैं और उन्हें आवास सहित दूसरी सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इसी तरह थारू, चेरो, गोंड, कोल, बुक्सा और शहरिया समुदायों की जरूरतों पर भी ध्यान दिया गया है।
चित्रकूट के कोल समुदाय का उदाहरण देते हुए सीएम योगी ने कहा कि आजादी के कई दशक बाद भी वहां कई परिवार कच्चे मकानों में रहने को मजबूर थे। अब मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि समाज के किसी भी व्यक्ति को सिर्फ इसलिए सरकारी सुविधाओं से वंचित नहीं रखा जा सकता, क्योंकि उसकी आवाज शासन तक नहीं पहुंच पाती।
इंसेफेलाइटिस के खिलाफ लड़ाई को बताया बड़ी उपलब्धि

पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस की समस्या पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले हर साल बड़ी संख्या में बच्चे इस बीमारी से प्रभावित होते थे। कई बच्चों की जान भी चली जाती थी। उन्होंने बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर की पुरानी स्थिति का उदाहरण दिया, जहां 100 मरीजों की क्षमता वाले वार्ड में एक समय 1,000 से 1,200 लोग मौजूद थे।
सीएम योगी ने बताया कि अस्पताल में पंखे, बिजली और बेड जैसी जरूरी सुविधाओं की भी कमी थी। उन्होंने उस समय अस्पताल में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए कदम उठाए। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि लगातार किए गए प्रयासों से प्रदेश में इंसेफेलाइटिस पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और अब इस बीमारी से किसी बच्चे की मौत नहीं होती।
सरकारी स्कूलों में करीब 1.60 करोड़ बच्चों को मिल रहीं सुविधाएं

शिक्षा व्यवस्था में बदलाव का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सरकारी स्कूलों में भवनों और शिक्षकों की कमी थी। बड़ी संख्या में बच्चे बिना जूते-मोजे के स्कूल जाते थे। खासकर छात्राओं को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने बताया कि अब लगभग 1.60 करोड़ विद्यार्थियों को दो यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, किताबें और जूते-मोजे दिए जा रहे हैं। इसके लिए डीबीटी के माध्यम से सहायता राशि सीधे अभिभावकों के बैंक खातों में भेजी जाती है। ऑपरेशन कायाकल्प के जरिए स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं बेहतर की गई हैं और करीब 96 प्रतिशत संतृप्ति हासिल की गई है।
मुख्यमंत्री ने अटल आवासीय विद्यालयों और सीएम कंपोजिट विद्यालयों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों के माध्यम से श्रमिकों और दूसरे परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का प्रयास किया जा रहा है।
‘योगी की पाती’ में किसानों से लेकर युवाओं तक के मुद्दे शामिल

मुख्यमंत्री के मुताबिक, ‘योगी की पाती’ में केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी नहीं दी गई, बल्कि किसानों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों और श्रमिकों से जुड़े विषयों को भी जगह मिली है। इसका उद्देश्य उन लोगों तक जानकारी पहुंचाना है, जो योजनाओं के पात्र होने के बावजूद उनके बारे में नहीं जानते।
उन्होंने आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड और निराश्रित महिला पेंशन जैसी योजनाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि लोगों को इनके बारे में लगातार जागरूक करना जरूरी है। जानकारी मिलने पर ही जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी सहायता के लिए आगे आ सकता है।
कार्यक्रम में कई मीडिया संस्थानों के संपादक और प्रतिनिधि भी शामिल हुए। इनमें आशुतोष शुक्ला, विजय त्रिपाठी, प्रवीण कुमार, सुनील द्विवेदी, प्रांशु मिश्रा और मनीष श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।