Breaking News

नेपाल के NDRRMA ने भोटेकोशी नदी में बाढ़ की स्थिति को लेकर हाई अलर्ट जारी किया     |   चीन: शी जिनपिंग ने तिब्बत में भूस्खलन के बाद राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की     |   नेपाल बाढ़: प्रधानमंत्री और मंत्रियों की एक महीने की सैलरी आपदा कोष में जमा होगी     |   नेपाल से आई बड़ी खुशखबरी! त्रिशूली हाइड्रो प्रोजेक्ट साइट से रेस्क्यू किए गए 350 मजदूर     |   नेपाल में त्रिशूली हाइड्रोपावर टनल में फंसे 350 मजदूरों का रेस्क्यू, कई भारतीय भी शामिल     |  

दिल्ली में दर्दनाक हादसा, ई-रिक्शा और स्कूल बस की टक्कर में 12 साल की छात्रा की मौत

दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय स्कूली छात्रा की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास ई-रिक्शा और स्कूल बस की टक्कर के दौरान छात्रा ई-रिक्शा से गिर गई और बस के नीचे आने से उसकी जान चली गई। पुलिस ने बताया कि 14 जुलाई को आदर्श नगर थाना पुलिस को स्कूल के बच्चों से जुड़े सड़क हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 55 वर्षीय कमल सिंह, जो बुराड़ी का रहने वाला है, स्कूल बस चला रहा था। उसकी बस की टक्कर 45 वर्षीय अजय प्रसाद, निवासी मुकुंदपुर, के ई-रिक्शा से हो गई। हादसे के समय ई-रिक्शा में कई स्कूली बच्चे सवार थे। टक्कर के दौरान रामा गार्डन, मुकुंदपुर निवासी 12 वर्षीय छात्रा ई-रिक्शा से नीचे गिर गई और बस के नीचे आने से गंभीर रूप से घायल हो गई।

उसे तुरंत बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (BJRM) अस्पताल, जहांगीरपुरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में किसी अन्य बच्चे के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना की सूचना मिलने के बाद क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्कूल बस और ई-रिक्शा दोनों को कब्जे में ले लिया है, जबकि बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में आदर्श नगर थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।