दशहरा और रावण दहन के कार्यक्रमों को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। मंगलवार को पूर्वी दिल्ली में शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक जरूरत के अनुसार प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। इस दौरान वाहनों की आवाजाही धीमी रहने और जाम लगने की आशंका है। पुलिस ने लोगों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने और घर से निकलने से पहले यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी है।
पूर्वी दिल्ली की इन सड़कों पर रहेगा असर
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, दशहरा उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों के पहुंचने की संभावना है। खासकर पूर्वी और पश्चिमी दिल्ली में रामलीला और रावण दहन के बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके चलते एनएच-24, विकास मार्ग, रोड नंबर 57, रोड नंबर 57ए और रोड नंबर 56 पर यातायात प्रभावित हो सकता है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें। वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़कों के किनारे अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आयोजन स्थलों के आसपास पैदल चलने वालों की अधिक संख्या को देखते हुए वाहन चालकों को धीमी गति से गाड़ी चलाने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त
दशहरे के कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। पश्चिमी जिले के डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी के अनुसार, जिले में 43 स्थानों पर रामलीला और 16 स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन हो रहा है। इन सभी स्थानों पर पिछले नौ दिनों से पुलिसकर्मी तैनात हैं।
उन्होंने बताया कि दशहरे के लिए महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। इसके अलावा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की मदद भी ली जा रही है। अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में लगाया जाएगा।
वीआईपी मूवमेंट को लेकर भी विशेष इंतजाम
ज्वाइंट सीपी सुमन गोयल ने बताया कि पश्चिमी रेंज के कई इलाकों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। द्वारका जिले सहित अन्य क्षेत्रों में वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस का उद्देश्य है कि त्योहार के दौरान आम लोगों को परेशानी न हो और सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हों।
वहीं, सेंट्रल रेंज के डीसीपी ट्रैफिक के. रमेश ने बताया कि रामलीला को देखते हुए पिछले 10 दिनों से विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू है। दशहरे पर हनुमान मंदिर और दिल्ली गेट जैसे स्थानों पर भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी लोगों को रास्ता बताने और यातायात सुचारु रखने में मदद करेंगे।
क्यों मनाया जाता है दशहरा?
दशहरा, जिसे विजयादशमी भी कहा जाता है, बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीराम ने रावण का वध किया था। इसी घटना की याद में दशहरे पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले जलाए जाते हैं। यह त्योहार नौ दिनों तक चलने वाले नवरात्र का समापन भी है।