चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सोने की खरीदारी कम करने की उनकी अपील के लिए आभार व्यक्त किया है। व्यापारिक संगठन का कहना है कि प्रधानमंत्री की इस सलाह ने देशभर के लाखों ज्वेलर्स, कारोबारियों और निवेशकों को भारी आर्थिक नुकसान से बचाने में मदद की है।
22 नवंबर को लिखे गए इस पत्र में CTI ने कहा कि जब प्रधानमंत्री ने लोगों से सोने की खरीदारी सीमित करने की अपील की थी, तब उन्हें कई आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। हालांकि, बाद में सोने की कीमतों में आई गिरावट ने इस सलाह के आर्थिक महत्व को सामने ला दिया, ‘आपकी दूरदर्शिता ने लाखों ज्वेलर्स और निवेशकों को कर्ज में डूबने से बचाया’ शीर्षक वाले इस पत्र में संगठन ने सोने की कीमतों में आए बदलाव का भी जिक्र किया है।
CTI के मुताबिक, प्रधानमंत्री की अपील के समय सोने की कीमत करीब 1.90 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम थी, जो अब घटकर लगभग 1.25 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम रह गई है। इस तरह प्रति किलोग्राम करीब 65 लाख रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। संगठन का कहना है कि यदि कारोबारियों ने उस समय बड़ी मात्रा में सोना खरीदा होता, तो उन्हें आज प्रति किलोग्राम 65 लाख रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ सकता था। इससे बड़ी संख्या में ज्वेलर्स कर्ज के बोझ तले दब सकते थे और कई कारोबारियों के सामने दिवालिया होने की स्थिति पैदा हो सकती थी।
CTI ने बताया कि देशभर में लाखों आभूषण कारोबारी कई महीनों की मांग को पूरा करने के लिए पहले से सोने का स्टॉक रखते हैं। ऐसे में अगर उन्होंने 1.90 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम की कीमत पर अपना स्टॉक खरीदा होता, तो उन्हें करोड़ों रुपये का नुकसान हो सकता था। व्यापारिक संगठन के अनुसार, ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से सोने का कारोबार करने वाले छोटे व्यापारियों के साथ-साथ शेयर बाजार के निवेशकों को भी संभावित नुकसान से राहत मिली है।
पत्र में यह भी कहा गया कि CTI के व्यापारिक समूहों में लगातार ऐसे संदेश मिल रहे हैं, जिनमें कारोबारी प्रधानमंत्री मोदी को उनकी सलाह के लिए धन्यवाद दे रहे हैं। संगठन का दावा है कि जिन ज्वेलर्स और व्यापारियों ने शुरुआत में इस अपील का विरोध किया था, वे भी अब इसे फायदेमंद बता रहे हैं। CTI ने सोने की कीमतों में गिरावट को आम उपभोक्ताओं के लिए भी राहत भरा बताया। संगठन के मुताबिक, मौजूदा शादी के सीजन में करीब 52 लाख शादियां होने की संभावना है। ऐसे में कम कीमतों पर सोना मिलने से परिवारों को आभूषण खरीदने में कुछ राहत मिली है।
संगठन ने प्रधानमंत्री से सोने और चांदी जैसे संवेदनशील बाजारों को लेकर समय-समय पर मार्गदर्शन देते रहने का आग्रह भी किया, ताकि कारोबारी सट्टेबाजी और जमाखोरी के कारण होने वाले नुकसान से बच सकें। इस पत्र पर CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल, महासचिव रमेश आहूजा और गुरमीत अरोड़ा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक गर्ग, संरक्षक सुरेश अग्रवाल, संयोजक प्रियंका सक्सेना समेत संगठन के अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं। यह घटनाक्रम प्रधानमंत्री मोदी के लखनऊ में दिए गए उस बयान के एक दिन बाद सामने आया है, जिसमें उन्होंने एक साल तक गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपनी अपील का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि देशवासियों ने उनकी बात को सकारात्मक रूप से लिया।
प्रधानमंत्री ने अपनी अपील की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के उस आह्वान से की, जिसमें उन्होंने देशवासियों से कठिन परिस्थितियों में सप्ताह में एक दिन एक समय का भोजन छोड़ने का आग्रह किया था। मोदी ने कहा कि जिस तरह देश ने शास्त्री जी की अपील का पालन किया था, उसी तरह लोगों ने सोने की खरीदारी कम करने के उनके सुझाव पर भी अमल किया। इससे पहले 10 मई 2026 को सिकंदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच विदेशी मुद्रा बचाने तथा आयात पर निर्भरता कम करने के लिए देशवासियों से सात अपील की थीं।
इनमें गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचना, एक साल तक विदेश यात्रा टालना, जहां संभव हो वहां वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता देना, ईंधन की बचत करना, स्वदेशी उत्पादों को अपनाना, खाद्य तेल की खपत कम करना और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना शामिल था। प्रधानमंत्री की इन अपीलों के बाद कई केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और बीजेपी नेताओं ने भी ईंधन की खपत कम करने के लिए कदम उठाए थे। इनमें सरकारी काफिलों में वाहनों की संख्या घटाना, सार्वजनिक परिवहन और इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देना शामिल था। हालांकि, प्रधानमंत्री की इन अपीलों पर विपक्षी नेताओं ने सवाल भी उठाए थे। अरविंद केजरीवाल, पवन खेड़ा और कार्ति चिदंबरम समेत कई विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया था कि सरकार आर्थिक चुनौतियों का बोझ आम जनता पर डालने की कोशिश कर रही है।