Breaking News

नेपाल के PM बालेन शाह अपनी पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा पर दिल्ली पहुंचेंगे     |   जोधपुर में कार और ट्रैवल टेम्पो की भीषण टक्कर, 3 की मौत और करीब 15 लोग घायल     |   गुजरात के कच्छ में खौफनाक हादसा, ट्रेलर की जोरदार टक्कर से कार के हुए दो टुकड़े, 7 की मौत     |   दिल्ली के व्यापारिक संगठन CTI ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजा आभार पत्र     |   हरियाणा के करनाल में दर्दनाक सड़क हादसा, दो कारों की भिड़ंत में 10 साल के बच्चे समेत दो की गई जान     |  

आंगनबाड़ी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री धामी से की भेंट

 उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास पर आंगनबाड़ी कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात की। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड और उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडलों ने दिसंबर 2026 से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजनमाताओं के मानदेय में बढ़ोतरी किए जाने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी और उनके काम के प्रति उत्साह एवं मनोबल भी बढ़ेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, बच्चों के शुरुआती विकास और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में अहम योगदान दे रही हैं। खासतौर पर ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में उनकी सेवाएं बेहद महत्वपूर्ण हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लगातार काम कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं सामाजिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। उनके योगदान को ध्यान में रखते हुए सरकार उनके अधिकारों और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने आगे कहा कि उत्तराखंड के समग्र विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। सरकार का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाओं को बेहतर सुविधाएं, सम्मान और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना है।

सीएम धामी ने यह भी कहा कि आंगनबाड़ी कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और सेवाभाव से प्रदेश में महिला एवं बाल विकास से संबंधित योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिल रही है।

इस मुलाकात में आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड की प्रांतीय महासचिव चित्रकला, प्रांतीय कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत और प्रांतीय उपाध्यक्ष ज्योतिका पांडे शामिल रहीं। वहीं, उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री वृन्दा, प्रदेश अध्यक्ष भगवती बिष्ट और प्रदेश उपाध्यक्ष राजमती नेगी समेत दोनों संगठनों के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।