Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

AAP की पूर्व प्रत्याशी नंदानी बोसामिया की संदिग्ध मौत, परिवार ने लिव-इन पार्टनर पर हत्या का लगाया आरोप

गुजरात के राजकोट में आम आदमी पार्टी (AAP) की पूर्व नगर निगम प्रत्याशी 23 वर्षीय नंदानी बोसामिया का शव एक फ्लैट में फंदे से लटका मिला। पुलिस शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, लेकिन मृतका के परिवार ने उसके लिव-इन पार्टनर असलम हुसैन पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, जब एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंची तो फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। हालांकि, परिवार का दावा है कि नंदानी की हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप दिया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य महिला आयोग ने भी पुलिस से रिपोर्ट तलब की है। जांच में सामने आया है कि नंदानी पिछले नौ महीने से जूनागढ़ निवासी असलम हुसैन के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पुलिस के अनुसार, असलम पहले से शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है।परिजनों का आरोप है कि पिछले तीन महीनों से दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे, क्योंकि असलम अपनी पत्नी और बच्चे से मिलने जूनागढ़ जाता था।

नंदानी की बहन रूपल बोसामिया ने आरोप लगाया कि असलम मानसिक और शारीरिक रूप से नंदानी को प्रताड़ित करता था। उन्होंने कहा कि शव पर गर्दन, हाथ और चेहरे पर चोट के निशान थे और कमरे की हालत देखकर संघर्ष के संकेत मिलते हैं। उनका आरोप है कि पहले हत्या की गई और बाद में शव को फंदे से लटकाया गया।

परिवार ने यह भी दावा किया कि कुछ समय पहले जूनागढ़ में असलम की पत्नी और उसकी मां ने नंदानी पर चाकू से हमला किया था, जिसके बाद दोनों राजकोट आकर रहने लगे थे। मृतका के पिता आनंदभाई बोसामिया ने कहा कि उनकी बेटी पिछले एक साल से मानसिक तनाव में थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शव पर मौजूद चोटों के निशान फांसी लगाने से नहीं लगते और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

परिजनों के अनुसार, मौत से कुछ समय पहले नंदानी ने अपनी बहन को संदेश भेजकर कहा था कि वह अब असलम के साथ नहीं रहना चाहती। उसने यह भी लिखा था कि उसने असलम के लिए अपने सोने के गहने गिरवी रख दिए हैं और अब घर लौटने में उसे शर्म महसूस हो रही है। पुलिस ने शव को फॉरेंसिक पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस असलम हुसैन के मोबाइल की लोकेशन ट्रैक कर रही है और उसे पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर यह तय किया जाएगा कि मामला हत्या का दर्ज किया जाएगा या आत्महत्या के लिए उकसाने का।