Breaking News

एशियन गेम्स 2026: भारत की स्टार बॉक्सर लवलीना ने चीन को हराकर जीता गोल्ड     |   एशियन गेम्स 2026: रिकर्व मिक्स्ड तीरंदाजी टीम ने जीता सिल्वर     |   राजघाट पहुंचे PM मोदी, महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि     |   अमरावती, महाराष्ट्र: ट्रक और पिकअप की टक्कर में 7 की मौत, 19 घायल     |   दिल्ली से कैंचीधाम जा रही तेज रफ्तार ट्रैवलर बस पलटी, 6 से ज्यादा श्रद्धालु घायल     |  

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने दलाई लामा से की मुलाकात, घुटने की सर्जरी के बाद जाना स्वास्थ्य का हाल

केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने शुक्रवार को तिब्बती आध्यात्मिक गुरु 14वें दलाई लामा से नई दिल्ली में मुलाकात की और हाल ही में हुई उनकी घुटने की सर्जरी के बाद उनका स्वास्थ्य जाना। रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुलाकात की जानकारी देते हुए लिखा, "मैं परम पावन दलाई लामा का हालचाल जानने दिल्ली गया। उन्हें अच्छे स्वास्थ्य और उत्साह में देखकर खुशी हुई। उनकी हालिया घुटने की सर्जरी के बाद वे अच्छी तरह स्वस्थ हो रहे हैं। मैंने उनका आशीर्वाद लिया। हमेशा की तरह उनकी करुणा, बुद्धिमत्ता और विनम्रता से प्रेरणा मिली।"

90 वर्षीय दलाई लामा की 8 जून को नई दिल्ली के अपोलो अस्पताल में बाएं घुटने की सफल रिप्लेसमेंट सर्जरी हुई थी। इसके बाद 12 जून को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। अपोलो अस्पताल के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. राजेश मल्होत्रा ने बताया था कि सर्जरी सफल रही और पूरे इलाज के दौरान दलाई लामा की निजी मेडिकल टीम तथा उनके कार्यालय ने अस्पताल के डॉक्टरों और प्रशासन के साथ मिलकर उनकी देखभाल की। डॉ. मल्होत्रा के अनुसार, ऑपरेशन के बाद दलाई लामा की स्थिति लगातार स्थिर रही और स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों ने उम्मीद जताई है कि वह पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे।