Breaking News

PM मोदी 16 नवंबर से तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर जाएंगे, ASEAN और ईस्ट एशिया समिट में होंगे शामिल     |   Microsoft Outlook ठप! दुनियाभर में हजारों यूजर्स परेशान, Microsoft 365 पर भी असर     |   दिल्ली की हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में, सुबह 4:50 बजे JLN स्टेडियम का AQI 374     |   छठ महापर्व शुरू, PM मोदी ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं     |   दिल्ली में प्रदूषण का खतरनाक स्तर, स्वस्थ लोग भी हो सकते हैं प्रभावित     |  

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद कई ऊंचे रास्ते बंद, रोहतांग और बारालाचा समेत कई दर्रों पर वाहनों की आवाजाही रोकी गई

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण कई ऊंचाई वाले रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। गुरुवार रात से हो रही बर्फबारी के बाद शिंकुला पास, बारालाचा पास और कुंजुम टॉप समेत कई इलाकों में सड़कें असुरक्षित हो गई हैं। पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने यह फैसला लिया है।

लाहौल-स्पीति पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार, शिंकुला टॉप और बारालाचा टॉप की ओर जाने वाले सभी वाहनों को दरचा पुलिस पोस्ट पर रोक दिया गया है। वहीं, कुंजुम टॉप की तरफ जाने वाले वाहनों की आवाजाही लोसर चेक पोस्ट पर रोक दी गई है। ग्राम्फू से छत्रु और कुंजुम टॉप की ओर जाने वाली सड़क भी बंद कर दी गई है।

पुलिस ने बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों में ही मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए स्नो चेन लगे 4x4 वाहनों को आगे जाने की अनुमति दी जा सकती है। प्रशासन ने पर्यटकों और आम लोगों से अपील की है कि मौसम और सड़क की स्थिति सामान्य होने तक ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा से बचें।

पुलिस एडवाइजरी में कहा गया है कि जरूरी काम से इन इलाकों में जाने वाले लोगों को पहले अनुमति लेनी होगी। साथ ही उन्हें स्नो चेन लगे 4x4 वाहनों का इस्तेमाल करना होगा और अपने साथ पर्याप्त गर्म कपड़े रखने होंगे। पुलिस ने कहा कि लोगों की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

रोहतांग पास और मढ़ी में भी हुई ताजा बर्फबारी

इस बीच शुक्रवार सुबह रोहतांग पास और मढ़ी में भी ताजा बर्फबारी हुई। रोहतांग पास में करीब 4 से 5 इंच और मढ़ी में लगभग 1 इंच बर्फ जमा हुई है।मनाली पुलिस के अनुसार, पर्यटकों और आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए मढ़ी से रोहतांग पास की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। फिलहाल केवल आपातकालीन वाहनों को ही जाने की अनुमति दी जा रही है।

गुलाबा बैरियर पर भी जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं, जो वाहन पहले ही मढ़ी पहुंच चुके थे, उन्हें सुरक्षित तरीके से वापस मनाली भेजा जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पुलिस और जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और खराब मौसम में जोखिम उठाने से बचें।